CG : डूब रहे पति को बचाने तालाब में कूदी पत्नी, दोनों की मौत
बलरामपुर। जिले में एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। तालाब में गिरने के बाद पति डूबने लगा, तो उसे बचाने के लिए पत्नी ने बिना कुछ सोचे तालाब में छलांग लगा दी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। दोनों ही गहरे पानी में समा गए और उनकी डूबने से मौत हो गई।
घटना कुसमी थाना क्षेत्र के अमरपुर के बड़का जोभी गांव की है। बताया जा रहा है कि पति को डूबता देख पत्नी उसे बचाने के लिए पानी में उतरी थी। इसी दौरान दोनों डूब गए। उन्हें बचाने के लिए रिश्तेदार जसमती भी तालाब में उतर गई, लेकिन ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में पति-पत्नी की जान चले जाने से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान मुनेश्वर नाग और उनकी पत्नी घुघरी नाग के रूप में हुई है। वन विभाग के तालाब में अचानक मुनेश्वर गिरकर पानी में डूबने लगा, जिसके बाद उनकी पत्नी ने भी छलांग लगा दी। बाहर निकलने का प्रयास अफल रहा। दोनों की डूबकर मौत हो गई। इस दौरान वहां मौजूद रिश्तेदार जसमती भी उन्हें बचाने के लिए पानी में उतर आई। हालांकि ग्रामीणों की तत्परता के कारण उस सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सूचना मिलने पर कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों के शवों को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। बताया गया कि अस्पताल में शव वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण परिजनों को निजी वाहन से शव अस्पताल ले जाना पड़ा।
घटना को लेकर कुसमी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। हादसे की खबर से मृतक दंपती के परिवार में शोक का माहौल है।