कावड़ यात्रा में भूपेश बघेल के शामिल होने पर सियासत, भाजपाइयों ने जताई नाराजगी
बालोद : जिले के कमरौद गांव में आयोजित विशाल कावड़ यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्थानीय विधायक कुंवर सिंह निषाद शिवभक्त के रूप में शामिल हुए। जिले के दर्जनों गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेकर कमरौद पहुंचे और बजरंगबली मंदिर में स्थापित विशाल शिवलिंग का जलाभिषेक किया।
कावड़ यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के शामिल होने को लेकर भाजपा नेताओं में नाराजगी देखने को मिली। भाजपाइयों ने आरोप लगाया कि धार्मिक आयोजन को राजनीतिक अखाड़ा बनाया गया। वहीं, आरोपों पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भगवान के दरबार में सभी बराबर हैं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव और बजरंगबली किसी एक राजनीतिक दल के नहीं हैं और भाजपा के अस्तित्व में आने से पहले से ही भगवान की पूजा होती आ रही है।
वहीं विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि यह आस्था किसी एक पार्टी की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता की है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।
कावड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल देखने को मिला।