सीतापुर में एक करोड़ की उठाईगिरी का खुलासा, 46 लाख के सोने-चांदी के आभूषण बरामद
सीतापुर में ज्वेलर्स व्यवसायी से हुई करीब एक करोड़ रुपये की उठाईगिरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान की। मामले में चोरी हुए सोने-चांदी के आभूषणों में से करीब 46 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है, जबकि आरोपी अभी फरार हैं।
जानकारी के मुताबिक, 26 जुलाई को ज्वेलर्स व्यवसायी अरुणदेव सोनी की स्कूटी से अज्ञात आरोपी करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। जांच के दौरान दो बाइक पर सवार चार संदिग्धों की गतिविधियां सामने आईं।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने ओडिशा निवासी चांटी दास और नागेश्वर राव की पहचान की। पुलिस टीम ने ओडिशा में करीब 10 दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान चांटी दास के घर से 300.92 ग्राम सोने के आभूषण और 1 किलो 168 ग्राम चांदी बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत करीब 46 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपियों और उनके साथियों की तलाश जारी है। पुलिस टीम फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।