4 साल से लो वोल्टेज की समस्या से परेशान ग्रामीण, बिजली दफ्तर का किया घेराव
बालोद : जिले के रेवती नवागांव के ग्रामीण पिछले चार साल से लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के कारण ग्रामीणों के कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
समस्या से नाराज बड़ी संख्या में ग्रामीण पूर्व विधायक और कांग्रेस नेताओं के साथ कांग्रेस भवन से पैदल मार्च करते हुए बिजली दफ्तर पहुंचे। यहां ग्रामीणों और कांग्रेस नेताओं ने विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी और जल्द समाधान की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि आवेदन और शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने के कारण वे बिजली दफ्तर के घेराव की तैयारी के साथ पहुंचे थे। हालांकि, अधिकारियों की ओर से जल्द समस्या दूर करने का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण वापस लौट गए।
मामले को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि अगर आश्वासन के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ दोबारा बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
वहीं, विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर विभागीय प्रक्रिया पहले से चल रही थी। बैठक के बाद अब संबंधित ठेकेदार से संपर्क कर गांव में विद्युत आपूर्ति करने वाले 65 किलोवाट के ट्रांसफार्मर को अगले एक-दो दिनों में बदलने की बात कही गई है। इसके साथ ही अन्य समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द दूर करने का आश्वासन दिया गया है।
फिलहाल अधिकारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हो गया है, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि चार साल से लो वोल्टेज की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को आखिर कब तक स्थायी राहत मिल पाएगी।