त्योहारी सीजन में खाद्य विभाग की कार्रवाई, दो दिन में 7 खाद्य नमूने लिए
खैरागढ़ : त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से ‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के पहले दो दिनों में दाउचौरा और ठेलकाडीह क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल सात खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए।
17 अगस्त को दाउचौरा स्थित वंदना ट्रेडर्स से कन्फेक्शनरी मिठाई, अनिक घी और फ्रूट जेली के नमूने लिए गए। वहीं सुलभ फैमिली रेस्टोरेंट एवं डेली नीड्स से समोसे का नमूना संकलित किया गया। 18 अगस्त को ठेलकाडीह स्थित बालाजी स्वीट्स से खोवा, मोतीचूर लड्डू और मैसूर पाक के तीन नमूने लिए गए।
वहीं कान्हा बेकरी को एनालॉग पनीर एवं अन्य सदृश्य उत्पादों का विक्रय और भंडारण नहीं करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने सभी प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पंजीयन अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए हैं। कार्रवाई कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में की गई।