महंगी बिजली का असर: सोलर पैनल की ओर बढ़ा रुझान, शून्य बिल की चाह में बैंकों में पहुंच रहे सैकड़ों आवेदन
मई-जून में बिजली की खपत बढ़ने के साथ घरों में दो से तीन गुना तक अधिक बिजली बिल आने के बाद लोगों का रुझान अब सौर ऊर्जा की ओर बढ़ रहा है। जिला प्रशासन की ओर से सूर्य सभाओं के माध्यम से लोगों को सोलर पैनल लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके बाद बैंकों में सोलर पैनल के लिए बड़ी संख्या में आवेदन पहुंच रहे हैं। एक माह के भीतर आवेदनों में करीब 40 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है।
सौर ऊर्जा के जरिए बिजली बिल को शून्य करने की कोशिश में उपभोक्ता बैंकों से फाइनेंस सुविधा ले रहे हैं। विभिन्न बैंकों के माध्यम से रोजाना करीब 50 से 60 उपभोक्ताओं के लोन सेशन हो रहे हैं। एसबीआई की मुख्य शाखा में प्रतिदिन करीब 10 से 12 आवेदनों को मंजूरी दी जा रही है। बढ़ते आवेदनों के चलते सोलर पैनल इंस्टॉलेशन के लिए वेटिंग की स्थिति भी बन रही है।
एसबीआई के शाखा प्रबंधक जादबेन्द्र कम्प के मुताबिक, मुख्य शाखा से अब तक 600 से अधिक सोलर पैनल के लिए लोन स्वीकृत किए जा चुके हैं।
सब्सिडी से मिल रही राहत
सोलर पैनल लगाने वाले हितग्राहियों को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से सब्सिडी दी जा रही है। अधिकांश उपभोक्ता 3 किलोवाट के सोलर पैनल के लिए आवेदन कर रहे हैं। करीब 1.90 लाख रुपये के लोन वाले 3 किलोवाट के सिस्टम पर 1.08 लाख रुपये की स्वीकृत सब्सिडी हितग्राही के खाते में पहुंच रही है। जिले में करीब 4660 घरों में रूफटॉप सोलर के जरिए बिजली उत्पादन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जबकि करीब 150 घरों में काम प्रगति पर है। शहरी क्षेत्र में लगभग 1800 उपभोक्ता सौर ऊर्जा के जरिए ऊर्जादाता बन चुके हैं।