सरस्वती साइकिल योजना से बेटियों की शिक्षा को मिल रहा संबल, 15 छात्राओं को मिली साइकिल
जगदलपुर : बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर के भैरमगंज स्कूल में बुधवार को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जगदलपुर महापौर संजय पांडे शामिल हुए और 15 छात्राओं को साइकिल वितरित की। साइकिल मिलने पर छात्राओं में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी निर्मल पाणिग्राही, जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल सहित स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
महापौर संजय पांडे ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य बेटियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004-05 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा शुरू की गई यह योजना लगातार संचालित हो रही है और बड़ी संख्या में छात्राओं को इसका लाभ मिल रहा है। साइकिल मिलने से छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी और पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, खेल, प्रशासन समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। बस्तर की प्रतिभाओं को भी बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों के जरिए आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
5,125 छात्राओं को साइकिल देने का लक्ष्य
जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल ने बताया कि बस्तर जिले के सातों विकासखंडों के 178 स्कूलों में 5,125 छात्राओं को साइकिल वितरण का लक्ष्य रखा गया है। बास्तानार विकासखंड को छोड़कर जिले के अन्य छह विकासखंडों में साइकिल पहुंच चुकी हैं।
जगदलपुर विकासखंड में करीब 75 प्रतिशत साइकिल वितरण का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं तोकापाल, लोहंडीगुड़ा समेत अन्य विकासखंडों में साइकिलों की फिटिंग का काम जारी है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस माह के अंत तक निर्धारित लक्ष्य के अनुसार साइकिल वितरण पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में भैरमगंज स्कूल में 15 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। योजना से छात्राओं को स्कूल तक आने-जाने में सुविधा मिलने के साथ शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ने की उम्मीद है।