शटर की खराबी सुन रची 44 लाख की चोरी की साजिश, 22.6 किलो चांदी समेत तीन गिरफ्तार
खैरागढ़ : छुईखदान में सराफा दुकान का शटर तोड़कर चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में साइबर सेल और थाना छुईखदान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 किलो 600 ग्राम चांदी, 3 ग्राम सोना और वारदात में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा समेत करीब 44 लाख 75 हजार रुपये का माल बरामद किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, छुईखदान के जैन मोहल्ला निवासी शांति लाल जैन ने 14 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी कि रात करीब 2 से 4 बजे के बीच दुकान का शटर तोड़कर 20 से 25 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस महेन्द्र साहू तक पहुंची।
पूछताछ में सामने आया कि महेन्द्र दुकान पर सामान लेने गया था, जहां उसने शटर में खराबी की बात सुनी। इसी जानकारी के आधार पर उसने नागपुर जाकर अपने दो साथियों अक्षय गुरूवे और अनिकेत मेश्राम के साथ चोरी की साजिश रची। तीनों ने सीसीटीवी के तार काटकर वारदात को अंजाम दिया और चोरी का माल नवागांव के तालाब में छिपा दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल बरामद किया और दोनों अन्य आरोपियों को नागपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी पूर्व में भी चोरी और मारपीट जैसे मामलों में शामिल रहे हैं।