रक्षाबंधन से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच तेज, मिठाई-कन्फेक्शनरी के लिए गए नमूने
खैरागढ़ : रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर ‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ विशेष अभियान के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। 20 अगस्त को नर्मदा-गंडई क्षेत्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
बेसन लड्डू का लिया सर्विलांस नमूना
टीम ने मेसर्स सिन्हा होटल का निरीक्षण कर बेसन लड्डू का सर्विलांस नमूना लिया। वहीं मेसर्स कल्याण एजेंसी से चॉकलेट, कन्फेक्शनरी और मिठाई समेत कुल छह सर्विलांस नमूने जांच के लिए संकलित किए गए।
साफ-सफाई और पंजीयन को लेकर निर्देश
मेसर्स यादव होटल के निरीक्षण के दौरान संचालक को आवश्यक साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पंजीयन को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने अधिकारियों के निर्देशन में की।
23 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान
खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और नमूना संकलन की कार्रवाई 17 अगस्त से लगातार जारी है। यह विशेष अभियान 23 अगस्त 2026 तक चलेगा। इस दौरान विभाग की टीम खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करती रहेगी।