अतिक्रमण तोड़ने के दौरान बवाल, जेसीबी में तोड़फोड़
राजनांदगांव : शहर के ममता नगर गली नंबर 5 में आम रास्ता बंद किए जाने की शिकायत पर नगर निगम की टीम कार्रवाई करने पहुंची। बाउंड्रीवाल और गेट तोड़ने की कार्रवाई शुरू होते ही भू-स्वामी के परिजनों ने विरोध शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर जेसीबी में पत्थर मारकर उसका शीशा तोड़ दिया गया।
आम रास्ता बंद करने की मिली थी शिकायत
कालोनीवासियों ने नगर निगम आयुक्त से शिकायत की थी कि प्लॉट बेचते समय रास्ता दिया गया था, लेकिन बाद में आम रास्ते को बाउंड्रीवाल और गेट लगाकर बंद कर दिया गया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। शिकायत के बाद निगम की टीम रास्ता खुलवाने पहुंची।
कार्रवाई का परिवार ने किया विरोध
नगर निगम की टीम ने बाउंड्रीवाल और गेट तोड़ना शुरू किया तो भू-स्वामी के परिजनों ने कार्रवाई को अवैध बताते हुए विरोध किया। उनका आरोप है कि निजी जमीन पर बिना नोटिस के तोड़फोड़ की गई है। वहीं निगम का कहना है कि रास्ता खोलने के लिए कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
जेसीबी में पत्थर मारकर तोड़ा शीशा
कार्रवाई से नाराज परिवार के सदस्यों ने जेसीबी पर पत्थर फेंके, जिससे मशीन का शीशा टूट गया। मामले में भू-स्वामी के परिजनों ने अपनी जमीन पर अवैध कार्रवाई का आरोप लगाया है।
निगम ने नोटिस जारी करने की कही बात
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले के मुताबिक, स्थानीय लोगों की शिकायत पर कार्रवाई के लिए आवेदन दिया गया था। उन्होंने बताया कि संबंधित लोगों को नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन उन्होंने नोटिस लेने से इनकार कर दिया।