अवैध शराब भट्ठी पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 4700 किलो महुआ लाहन जब्त
अंबिकापुर : अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत खैरबार में संचालित अवैध शराब भट्ठी पर छापेमारी की। जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम और आबकारी वृत्त अंबिकापुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में महुआ लाहन और अवैध शराब बरामद की है।
6 अवैध शराब भट्ठियां मिलीं
अवैध शराब बनाए जाने की सूचना पर टीम ने अमृता तिर्की के ठिकाने पर दबिश दी। मौके पर जांच के दौरान 6 अवैध शराब भट्ठियां मिलीं, जिन्हें आबकारी विभाग ने जब्त कर लिया।
4700 किलो महुआ लाहन बरामद
कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 4700 किलो महुआ लाहन और 135 लीटर महुआ शराब बरामद की। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 48 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
मौके पर लाहन किया गया नष्ट
आबकारी टीम ने बरामद महुआ लाहन के सैंपल लिए। इसके बाद शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट करने की कार्रवाई शुरू की गई। विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।
उड़नदस्ता और आबकारी टीम की संयुक्त कार्रवाई
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सरिता साहू, सौरभ साहू और अनिल गुप्ता समेत विभाग की टीम मौजूद रही। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।