दुर्ग में बिल्डरों के ठिकानों पर ED की छापेमारी, CRPF जवान तैनात
दुर्ग : जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। बुधवार सुबह करीब 6 बजे ED की टीम ने बिल्डर सजल जैन और विश्वास गुप्ता के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। करीब 7 अधिकारियों की टीम दोनों कारोबारियों के निवास और कार्यालयों में दस्तावेजों की जांच कर रही है।
सुबह-सुबह पहुंची ED की टीम
जानकारी के मुताबिक, ED की टीम ने सुबह करीब 6 बजे दोनों कारोबारियों के ठिकानों पर पहुंचकर तलाशी शुरू की। टीम दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। हालांकि, कार्रवाई को लेकर ED की ओर से अभी तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष से करीबी का दावा
सूत्रों के अनुसार, सजल जैन और विश्वास गुप्ता को कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल का करीबी बताया जाता है। यह भी चर्चा है कि कुछ अधिकारियों का निवेश इनके रियल एस्टेट कारोबार में लगा हुआ है। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
CRPF जवानों की तैनाती
ED की कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए CRPF के जवानों को तैनात किया गया है। वहीं, स्थानीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी कार्रवाई शुरू होने से पहले सूचना दिए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इससे पहले ACB भी इनसे जुड़े मामलों में कार्रवाई कर चुकी है।
जांच जारी, आधिकारिक जानकारी का इंतजार
फिलहाल ED की टीम दोनों ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच कर रही है। तलाशी के दौरान क्या-क्या मिला, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ED के अधिकारी फिलहाल मीडिया से बातचीत करने से बच रहे हैं।