खैरागढ़ : खाद-कीटनाशक की गड़बड़ी पर कृषि विभाग सख्त, अवैध गोदाम सील
खैरागढ़ : खरीफ सीजन 2026 में किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने खाद, उर्वरक और कीटनाशकों की जांच तेज कर दी है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन और उप संचालक कृषि राजकुमार सोलंकी के मार्गदर्शन में विभाग की टीम ने जिले के कई कृषि केंद्रों पर कार्रवाई की।
अवैध गोदाम किया गया सील
गंडई के बाजार चौक स्थित हरिओम कृषि केंद्र द्वारा धमधा रोड पर अवैध रूप से संचालित गोदाम को कृषि विभाग की टीम ने सील कर दिया। मौके से संदिग्ध कीटनाशक और उर्वरक जब्त किए गए। जब्त सामग्री को संचालक नीरज अग्रवाल की सुपुर्दगी में दिया गया है।
उर्वरक नियंत्रण आदेश के उल्लंघन पर नोटिस
राघवेन्द्र कृषि केंद्र में जांच के दौरान उर्वरक नियंत्रण आदेश का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद कृषि विभाग ने संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
बिना स्रोत प्रमाण पत्र 250 लीटर जैव उत्प्रेरक जब्त
खैरागढ़ विकासखंड के रेंगाकठेरा स्थित दक्ष एग्रोटेक में बिना स्रोत प्रमाण पत्र के 250 लीटर अवैध जैव उत्प्रेरक पाया गया। विभाग ने इसे जब्त कर प्रकरण कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
बिना लाइसेंस जैव उर्वरक बिक्री पर कार्रवाई
भंडारणपुर के सूर्याश कृषि केंद्र और परसाही के प्राची कृषि केंद्र में बिना अनुज्ञप्ति जैव उर्वरक बेचने का मामला सामने आया। विभाग ने स्टॉक जब्त कर दोनों मामलों में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कृषि विभाग ने चेतावनी दी है कि नियम विरुद्ध बिक्री, अनुज्ञप्ति शर्तों के उल्लंघन और गलत तरीके से भंडारण करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।