सात माह से वेतन नहीं, सफाई कर्मचारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
राजनांदगांव : नगर निगम में सफाई ठेका कर्मचारियों को पिछले करीब सात माह से वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वेतन भुगतान की मांग को लेकर शुक्रवार को सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम परिसर में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने जल्द वेतन भुगतान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
वेतन नहीं मिलने से बिगड़ी आर्थिक स्थिति
नगर निगम परिसर में प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों ने बताया कि नियमित वेतन नहीं मिलने के कारण उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। कई महीनों से उधार लेकर घर का खर्च चलाया जा रहा था, लेकिन अब उधार देने वाले भी हाथ खींचने लगे हैं। कर्मचारियों ने शासन-प्रशासन से मांग की कि शासन द्वारा तय मापदंड के अनुसार प्रत्येक माह की 10 तारीख तक वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष गोलू नायक ने आरोप लगाया कि सफाई कर्मचारियों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के पास कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए पर्याप्त राशि नहीं होने की बात सामने आ रही है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के अंतर्गत कार्यरत बॉम्बे ठेका संचालक द्वारा कर्मचारियों की ईपीएफ राशि भी जमा नहीं की जा रही है।
गोलू नायक के मुताबिक ठेका सफाई कर्मचारियों को करीब 13 हजार रुपये वेतन दिया जाना है, लेकिन ठेकेदार के माध्यम से महज 7 से 8 हजार रुपये का भुगतान किया जा रहा है।
नियमित कर्मचारियों को भी दो माह से वेतन नहीं
कर्मचारियों के अनुसार नगर निगम के नियमित सफाई कर्मचारियों को भी पिछले दो माह से वेतन नहीं मिला है, जबकि बॉम्बे ठेका सफाई कर्मचारियों का करीब सात माह से वेतन लंबित है। लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द लंबित वेतन का भुगतान करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र वेतन भुगतान नहीं किया गया तो सफाई कर्मचारी उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।