नगर के बीचोंबीच जर्जर हो रही पुरानी स्वास्थ्य केंद्र की इमारत
छुईखदान : उपेक्षा का शिकार पुराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
नगर के हृदय स्थल और बस स्टैंड के समीप स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की पुरानी इमारत लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी है। देखरेख के अभाव में भवन धीरे-धीरे जर्जर होता जा रहा है, जबकि परिसर में गंदगी और अव्यवस्था का आलम है।
असामाजिक गतिविधियों की भी शिकायत
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि शाम और रात के समय सुनसान पड़े इस परिसर में असामाजिक गतिविधियां होती हैं। लोगों का कहना है कि पहले नगर का पुराना थाना भवन भी इसी तरह उपेक्षा का शिकार होकर जर्जर हो चुका है।
मरम्मत के साथ उपयोग की मांग
नागरिकों ने प्रशासन से भवन का निरीक्षण कर मरम्मत और साफ-सफाई कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यहां किसी शासकीय कार्यालय, जनसेवा केंद्र या अन्य जनहित की संस्था का संचालन किया जा सकता है। इससे भवन सुरक्षित रहेगा और नगरवासियों को अतिरिक्त सुविधा भी मिल सकेगी।
जलभराव और गंदगी से भी परेशानी
भवन के सामने कीचड़ और जलभराव की समस्या बनी हुई है, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी होती है। नागरिकों ने जल्द से जल्द परिसर की व्यवस्था सुधारने और भवन के उपयोग को लेकर ठोस योजना बनाने की मांग की है।