खैरागढ़ : श्री सीमेंट फैक्ट्री के खिलाफ किसानों की आवाज बुलंद, उग्र आंदोलन की चेतावनी
जनसुनवाई की सुगबुगाहट के बीच किसानों ने जताया विरोध
खैरागढ़ के दनिया-अतरिया, हनईबन और उदयपुर क्षेत्र में प्रस्तावित श्री सीमेंट फैक्ट्री और चूना पत्थर खदान परियोजना को लेकर किसानों का विरोध एक बार फिर तेज हो गया है। किसान अधिकार संघर्ष समिति महिला प्रकोष्ठ ने पत्रकार वार्ता कर प्रशासन को चेतावनी दी है कि किसानों की इच्छा के विरुद्ध जनसुनवाई कराने का प्रयास हुआ तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इससे पहले महिलाओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर परियोजना निरस्त करने की मांग की।
महिलाएं करेंगी आंदोलन की अगुवाई
समिति अध्यक्ष लुकेश्वरी जंघेल ने बताया कि सीमेंट फैक्ट्री से जुड़े लोग कुछ गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से परियोजना के विरोध का कारण पूछ रहे थे और फैक्ट्री से होने वाले फायदे बताए जा रहे थे। समिति का कहना है कि क्षेत्र के किसान परियोजना के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि 6 दिसंबर 2025 के प्रदर्शन से भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा और इस बार महिलाएं इसकी अगुवाई करेंगी।
धूल, शोर और जलस्रोतों पर असर की जताई चिंता
समिति ने खनन, ब्लास्टिंग, क्रशिंग और भारी वाहनों से होने वाली धूल, शोर और कंपन के साथ जलस्रोतों पर संभावित प्रभाव को लेकर चिंता जताई है। साथ ही जमीन खरीद के कथित दबाव और बिचौलियों की भूमिका की जांच की मांग की गई है। समिति ने राजनीतिक दलों से भी अपना रुख स्पष्ट करने और परियोजना को निरस्त करने की मांग दोहराई है।