अभनपुर में छात्रों का विरोध, स्कूल में जड़ा ताला
महिला शौचालय तोड़े जाने और उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण का विरोध
अभनपुर के ग्राम पंचायत पारागांव में सरकारी मिडिल स्कूल परिसर में उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण को लेकर विवाद बढ़ गया है। महिला शौचालय तोड़े जाने से नाराज कक्षा 7वीं और 8वीं के छात्र-छात्राओं ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें प्रशासन के सामने रखीं।
छात्राओं को हो रही परेशानी
बच्चों का कहना है कि स्कूल परिसर में उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं महिला शौचालय तोड़े जाने के बाद छात्राओं और महिला शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों ने मांग की है कि निर्माण कार्य को स्कूल परिसर से अन्यत्र शिफ्ट किया जाए और महिला शौचालय का दोबारा निर्माण कराया जाए।
ग्रामीणों ने भी दिया आंदोलन को समर्थन
बताया गया है कि स्कूल परिसर में निर्माण को लेकर स्कूल समिति और ग्रामीण पहले ही उच्च अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। ग्रामीणों के मुताबिक निर्माण के दौरान बरगद की टहनियां भी काटी गई हैं। अब बच्चों के प्रदर्शन को ग्रामीणों का भी समर्थन मिल रहा है। ग्रामीणों ने मामले में जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।