120 फीट ऊंची क्रेन से 108 फीट ऊंचे शिवलिंग का हुआ महाभिषेक
राजनांदगांव : शहर के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां पाताल भैरवी मंदिर में सावन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि पर विशाल शिवलिंग का भव्य महाभिषेक किया गया। 120 फीट ऊंची क्रेन की मदद से करीब 20 फीट ऊंचे कलश से शिवलिंग पर हल्दी और दूध अर्पित किया गया। इस अद्भुत और अलौकिक आयोजन को देखने के लिए हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुटे।
शनिवार रात हुए इस महाभिषेक के लिए 120 फीट ऊंची क्रेन विशेष रूप से भिलाई से मंगाई गई थी। क्रेन की सहायता से कलश को शिवलिंग के शीर्ष तक पहुंचाया गया, जिसके बाद विधि-विधान से महाभिषेक किया गया। विशाल शिवलिंग पर हो रहे इस भव्य अभिषेक का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
आयोजकों के मुताबिक सावन महीने में पिछले तीन वर्षों से तथागत पांडे और उनकी युवा टीम की ओर से इस महाभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आयोजन के लिए लोगों का स्वतः सहयोग मिल रहा है। महाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।