सातवीं जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में हजारों विद्यार्थी हुए शामिल
खैरागढ़ : जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता समिति के तत्वावधान में सातवीं जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन जिले के 12 केंद्रों पर किया गया। खैरागढ़, पांडादाह, ठेलकाडीह, जालबांधा, बाजार अतरिया, कामठा, छुईखदान, बुंदेली, रोड अतरिया, गंडई, साल्हेवारा और ठाकुरटोला में आयोजित प्रतियोगिता में हजारों विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता तीन स्तरों पर आयोजित की गई। प्राथमिक स्तर पर 952, माध्यमिक स्तर पर 2,371 और हाई एवं हायर सेकेंडरी स्तर पर 1,406 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया। स्वामी आत्मानंद स्कूल गंडई में सर्वाधिक 764 विद्यार्थियों का पंजीयन हुआ, जिनमें 720 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
परीक्षा में कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए। इनमें जिला, राज्य और देश स्तर से 30-30 तथा विश्व स्तर से 10 प्रश्न शामिल थे। प्रतियोगिता के दौरान पन्नालाल जंघेल, कौशल राजपूत, संतोष नेताम और सियाराम साहू ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
आयोजन अध्यक्ष पन्नालाल जंघेल, ब्लॉक प्रभारी कौशल राजपूत और जिला सचिव रूपेश देवांगन के निर्देशन में प्रतियोगिता संपन्न हुई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रत्येक स्तर पर प्रथम और द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
प्राथमिक स्तर पर प्रथम पुरस्कार 3 हजार और द्वितीय पुरस्कार 1 हजार रुपये, माध्यमिक स्तर पर प्रथम 4 हजार और द्वितीय 2 हजार रुपये तथा हाई एवं हायर सेकेंडरी स्तर पर प्रथम 5 हजार और द्वितीय 3 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।