सक्ती पुलिस की बड़ी सफलता, 20 लाख के 100 गुम मोबाइल बरामद
सक्ती पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की पतासाजी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल ने तकनीकी सहायता से करीब 20 लाख रुपये कीमत के 100 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को वापस सौंपे गए।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं साइबर नोडल अधिकारी पंकज पटेल के नेतृत्व में साइबर सेल ने जिले के साथ-साथ अन्य जिलों और राज्यों में गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश की। पुलिस के मुताबिक जनवरी 2026 से अब तक कुल 240 गुम मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है।
इससे पहले 140 मोबाइल उनके धारकों को लौटाए जा चुके हैं, जबकि अब 100 मोबाइल वापस किए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। मोबाइल धारकों ने सक्ती पुलिस और साइबर सेल की कार्रवाई के लिए आभार जताया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें। भीड़भाड़ वाले स्थानों, हाट-बाजार और मेलों में मोबाइल को लेकर विशेष सावधानी बरतें। वहीं रास्ते में कोई मोबाइल मिलने पर उसे अपने पास रखने के बजाय पुलिस को सौंपें।
पुलिस ने दुकानदारों और नागरिकों से बिना बिल और IMEI नंबर के मोबाइल फोन नहीं खरीदने की अपील भी की है।