भूतेश्वर महादेव की शाही पालकी यात्रा में उमड़ा आस्था का सैला... - CG Sandesh

भूतेश्वर महादेव की शाही पालकी यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

जगदलपुर : सावन के चौथे और अंतिम सोमवार के अवसर पर बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में भगवान भूतेश्वर महादेव की भव्य शाही पालकी यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। रियासतकालीन लक्ष्मी नारायण मंदिर से शुरू हुई यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं और विभिन्न समाजों एवं संगठनों ने पुष्पवर्षा कर भगवान भूतेश्वर महादेव का स्वागत किया।

उत्कल समाज बस्तर संभाग की ओर से भैरव मंदिर प्रांगण में उत्कल रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान भूतेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना कर पालकी का स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया। यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। युवाओं ने पारंपरिक धोती-कुर्ते और महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सहभागिता की, जिससे यात्रा की भव्यता और बढ़ गई।

पालकी यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। उड़ीसा के कोटपाड़ से पहुंचे अवतार ग्रुप की नाट्य मंडली ने भगवान शिव, भैरव और काली के स्वरूप में शानदार प्रस्तुति दी। टीम के सदस्य हिमांशु रंजन मोहंती ने बताया कि उनकी टीम देश के कई हिस्सों में प्रस्तुति दे चुकी है और पिछले वर्ष उज्जैन में महाकाल की शाही पालकी यात्रा में भी प्रस्तुति दी थी। उन्होंने कहा कि जगदलपुर उनके लिए घर जैसा है और यहां लोगों से हमेशा भरपूर प्रेम मिलता है।

भूतेश्वर महादेव समिति के सदस्य अनिल सामंत ने बताया कि भगवान भूतेश्वर महादेव की शाही पालकी यात्रा का यह लगातार पांचवां वर्ष है। हर वर्ष की तरह इस बार भी शहरभर के श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ इसमें हिस्सा लिया। यात्रा लक्ष्मी नारायण मंदिर से शुरू होकर शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरते हुए पुनः लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंची।

शाही पालकी यात्रा के दौरान सनातनी परंपरा, संस्कृति और आस्था का भव्य संगम देखने को मिला। पूरे शहर में भगवान भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर

पीजी पोर्टल में शिकायत के बाद भी नहीं मिल रहा न्याय, जाँच प्रणाली में सुधार की आवश्यकता, आजादी के 79 साल बाद भी शिकायत के जाँच में स्वतंत्रता नही.


अन्य सम्बंधित खबरें