अधिकारियों-कर्मचारियों के समय पर ऑफिस नहीं पहुंचने पर कांग्रेस पार्षदों का हंगामा
कोरबा : नगर निगम कोरबा के प्रशासनिक भवन साकेत में सोमवार सुबह उस वक्त हंगामा देखने को मिला, जब कांग्रेस पार्षद और पार्टी पदाधिकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनुपस्थिति को लेकर नाराज हो गए। कांग्रेसी पार्षद ज्ञापन सौंपने के लिए निगम कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन कार्यालय समय शुरू होने के बाद भी कई अधिकारी-कर्मचारियों के मौजूद नहीं होने पर उन्होंने विरोध जताया।
कांग्रेस पार्षदों का आरोप है कि नगर निगम में अधिकारियों और कर्मचारियों की मनमानी चल रही है, जिसके चलते आम लोगों को अपने काम के लिए परेशान होना पड़ता है। कांग्रेस पार्षद और कोरबा शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज राठौर ने कहा कि करीब 11:15 बजे तक प्रशासनिक भवन में न तो अधिकारी पहुंचे थे और न ही कर्मचारी।
इसके बाद नाराज कांग्रेस पार्षद नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू और मनोज राठौर के साथ निगम कार्यालय के अंदर पहुंचे और अधिकारियों-कर्मचारियों की अनुपस्थिति को लेकर सवाल उठाए। पार्षदों ने कहा कि कार्यालय में समय पर कर्मचारियों की मौजूदगी सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि आम लोगों को अपने काम के लिए भटकना न पड़े।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर निगम की व्यवस्था में सुधार और अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर उनका विरोध लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आगे भी कांग्रेस पार्षद निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।