नशामुक्ति और सद्भावना का संदेश लेकर निकली जनजागरण रैली, 24 घंटे के दुर्गा चालीसा पाठ के साथ हुआ समापन
अंबिकापुर : भगवती मानव कल्याण संगठन अंबिकापुर सरगुजा के तत्वावधान में आयोजित 24 घंटे के दुर्गा चालीसा पाठ और नशामुक्त सद्भावना जनजागरण रैली का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम का समापन स्थानीय राजमोहनी देवी सामुदायिक भवन में चल रहे एक दिवसीय दुर्गा चालीसा पाठ के साथ हुआ। इस दौरान विशेष अतिथि और संगठन के राष्ट्रीय महासचिव अजय अवस्थी ने महाआरती संपन्न कराई।
महाआरती के बाद अजय अवस्थी ने स्थानीय पत्रकारों से चर्चा करते हुए गुरुजी परमहंस योगिराज श्री शक्तिपुत्र जी महाराज के संदेश और नशामुक्त भारत की परिकल्पना को साझा किया। उन्होंने मानव कल्याण और समाज को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
आयोजन में अंबिकापुर के अलावा छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से संगठन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे। करीब चार किलोमीटर लंबी जनजागरण रैली में माताएं, बहनें, बुजुर्ग, युवा और सैकड़ों कार्यकर्ता उत्साह के साथ शामिल हुए। रैली के दौरान लोगों ने नशामुक्त भारत का संदेश देते हुए समाज को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया।
आयोजकों का कहना है कि आध्यात्मिकता के साथ सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे आयोजनों के जरिए लोगों में सकारात्मक सोच विकसित करने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया जा रहा है।