चिरमिरी में साइबर जागृति अभियान, विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए उपाय
एमसीबी : साइबर अपराध के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एमसीबी जिले के चिरमिरी में साइबर जागृति अभियान चलाया गया। शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज चिरमिरी में आयोजित इस कार्यक्रम में पॉलिटेक्निक कॉलेज के साथ औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र चिरमिरी के शिक्षक भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान पोंड़ी थाना प्रभारी ओमप्रकाश दुबे ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर अपराध से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, डिजिटल धोखाधड़ी और साइबर क्राइम से बचने के तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया।
थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई।
कार्यक्रम में साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और इसके महत्व की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठगी की स्थिति में समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ सकती है।
इस दौरान थाना प्रभारी पोंड़ी ओमप्रकाश दुबे के साथ सहायक उप निरीक्षक पूरनचंद राजवाड़े और अजय कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे।
लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों के बीच पुलिस ने लोगों से जागरूक और सतर्क रहने की अपील की। पुलिस का संदेश साफ है—साइबर ठगी से बचाव के लिए सावधानी जरूरी है और ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें।