खैरागढ़ : अमलीपारा स्कूल में विद्यार्थियों ने ली ‘उल्लास शपथ’, शत-प्रतिशत साक्षरता का लिया संकल्प
खैरागढ़ : छत्तीसगढ़ में ‘उल्लास: नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष साक्षरता सप्ताह के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शासकीय माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शाला अमलीपारा में विद्यार्थियों को ‘उल्लास शपथ’ दिलाई गई।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और समुदाय के लोगों ने साक्षरता के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने और समाज को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने में योगदान देने का संकल्प लिया।
15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षर लोगों को शिक्षा से जोड़ने का लक्ष्य
‘उल्लास: नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ का उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षर लोगों को बुनियादी शिक्षा उपलब्ध कराकर शत-प्रतिशत साक्षरता का लक्ष्य हासिल करना है। अभियान के तहत पढ़ने-लिखने के साथ दैनिक जीवन में उपयोगी बुनियादी ज्ञान और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
अमलीपारा स्कूल में आयोजित शपथ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अपने आसपास के असाक्षर लोगों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
शिक्षकों ने कहा कि साक्षरता अभियान को सफल बनाने में केवल स्कूल ही नहीं, बल्कि पूरे समुदाय की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को समाज में शिक्षा और साक्षरता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।