बस्तर की ‘ज्ञानगुड़ी’ से निकले चार हीरे, पहले राउंड में ही MBBS सीट हासिल कर रचा इतिहास
बस्तर : बस्तर के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क प्रशिक्षण संस्थान ‘ज्ञानगुड़ी’ लगातार सफलता की नई इबारत लिख रहा है। इसी कड़ी में ज्ञानगुड़ी से तैयारी करने वाले चार विद्यार्थियों ने NEET के बाद पहले ही राउंड की काउंसलिंग में MBBS की सीट हासिल कर बस्तर का नाम रोशन किया है।
इन विद्यार्थियों में समीर मरकाम और गीतेश्वरी सलाम को मेडिकल कॉलेज डिमरापाल, कृष्णा सेन को कांकेर मेडिकल कॉलेज और खुशबू बिस्वास को रायपुर मेडिकल कॉलेज में प्रवेश मिला है।
कलेक्टर से मिले सफल विद्यार्थी, मिला टैबलेट का तोहफा
MBBS में प्रवेश मिलने के बाद सभी विद्यार्थियों ने बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा से मुलाकात कर उन्हें धन्यवाद दिया। इस दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों को टैबलेट भेंट कर उन्हें आगे भी पूरी मेहनत के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद बस्तर में ही सेवा देने की दिशा में काम करें। उन्होंने सफल विद्यार्थियों के साथ उनके माता-पिता और ज्ञानगुड़ी के शिक्षकों को भी बधाई दी।
टैबलेट मिलने पर विद्यार्थियों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इससे पढ़ाई में काफी सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों ने बताया कि कलेक्टर आकाश छिकारा द्वारा दिए गए मार्गदर्शन और पढ़ाई से जुड़े सुझावों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने पूरे वर्ष मेहनत की, जिसका परिणाम MBBS सीट के रूप में सामने आया।
90 में से 50 विद्यार्थियों ने किया NEET क्वालीफाई
ज्ञानगुड़ी प्रभारी अलेक्जेंडर एम. चेरियन ने बताया कि कलेक्टर आकाश छिकारा लगातार ज्ञानगुड़ी के विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते रहे हैं। वे विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई के अनुभव के साथ-साथ UPSC की तैयारी और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी बारीकियों की जानकारी भी देते रहे हैं।
इसी मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम रहा कि ज्ञानगुड़ी के 90 विद्यार्थियों में से 50 विद्यार्थियों ने NEET क्वालीफाई किया, जबकि इनमें से चार विद्यार्थियों ने पहले ही राउंड की काउंसलिंग में MBBS सीट हासिल कर ली।
मेट्रो सिटी की तर्ज पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी
ज्ञानगुड़ी की शुरुआत के बाद से बस्तर के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल और दिशा मिल रही है। संस्थान के विद्यार्थी राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सफलता हासिल कर रहे हैं।
इसी क्रम में अब ज्ञानगुड़ी का विस्तार करते हुए यहां सीजी, व्यापमं, रेलवे और बैंकिंग परीक्षाओं की भी निःशुल्क कोचिंग शुरू की गई है। इसका उद्देश्य बस्तर के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महानगरों की ओर जाने की जरूरत कम करना और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर दीप्ति कलेक्टर हीरा गवर्ना, ज्ञानगुड़ी प्रभारी अलेक्जेंडर एम. चेरियन, जी. श्रीनिवास राव, मनीष श्रीवास्तव और संजीव बिस्वास सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।