अंबिकापुर सैनिक स्कूल का 18वां स्थापना दिवस, कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
अंबिकापुर स्थित सैनिक स्कूल में 18वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, सरगुजा रेंज आईजी, कलेक्टर, एसपी समेत स्कूल के विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे। स्थापना दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों की प्रतिभा के साथ-साथ अनुशासन और देशभक्ति की भावना भी देखने को मिली। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
18 सालों से शिक्षा के साथ अनुशासन और देशसेवा की सीख
कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने सैनिक स्कूल के 18वें स्थापना दिवस पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में शुरू हुआ यह सैनिक स्कूल अब 18 वर्षों का सफर पूरा कर चुका है।
मंत्री ने कहा कि सैनिक स्कूल में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और देश सेवा की भावना का पाठ पढ़ाया जा रहा है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर कई विद्यार्थी देश की सेवा कर रहे हैं, जो पूरे सरगुजा क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
जोनल प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन
स्थापना दिवस समारोह के दौरान सैनिक स्कूल की एक और उपलब्धि का भी उल्लेख किया गया। स्कूल के कैडेट्स ने जोनल स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया है। प्रतियोगिता में छह अन्य सैनिक स्कूलों को पीछे छोड़कर मिली इस उपलब्धि ने सैनिक स्कूल के गौरव को और बढ़ाया है।
स्थापना दिवस समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अनुशासन ने कार्यक्रम को खास बना दिया।