सड़क पर गोवंश की मौत को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, पशुधन विक... - CG Sandesh

सड़क पर गोवंश की मौत को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, पशुधन विकास विभाग कार्यालय का किया घेराव

राजनांदगांव : राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रही गोवंश की मौत के मामलों को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन और पशुधन विकास विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पशुधन विकास विभाग कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठे गोवंश और लगातार हो रहे हादसों को लेकर जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

बताया जा रहा है कि बीते दिनों रेवाडीह के समीप सड़क हादसे में दर्जनों मवेशियों की मौत हुई थी। वहीं सोमवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी अज्ञात ट्रकों की चपेट में आने से 7 गोवंश की मौत हो गई। लगातार सामने आ रहे इन हादसों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन, नगर निगम और पशुधन विभाग के बीच आपसी समन्वय की कमी के कारण गोवंश सड़कों पर बैठने को मजबूर हैं। कांग्रेस ने कहा कि गोवंश के सड़क पर होने से जहां मवेशियों की जान जा रही है, वहीं वाहन चालकों और आम लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा बना हुआ है।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि लगातार गोवंश और लोगों की जान-माल का नुकसान हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी स्पष्ट जवाब देने के बजाय गोलमोल जवाब दे रहे हैं। उन्होंने पशुपालन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिन गौशालाओं को अनुदान दिया जा रहा है, वहां व्यवस्था की स्थिति की भी जांच होनी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में बनाए गए गोठानों को वर्तमान सरकार द्वारा बंद किए जाने के बाद बड़ी संख्या में गोवंश सड़कों पर आ गया है। उन्होंने मांग की कि शासन-प्रशासन गोवंश के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि सड़क हादसों में उनकी मौत न हो और आम लोगों की जान-माल भी सुरक्षित रहे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि आगे भी किसी गोवंश की सड़क दुर्घटना में मौत होती है, तो शहर में घूम रहे गोवंश को जिला कार्यालय, नगर निगम या पशुधन विभाग कार्यालय में लाकर छोड़ने का आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर

पीजी पोर्टल में शिकायत के बाद भी नहीं मिल रहा न्याय, जाँच प्रणाली में सुधार की आवश्यकता, आजादी के 79 साल बाद भी शिकायत के जाँच में स्वतंत्रता नही.


अन्य सम्बंधित खबरें