सरस्वती विद्या मंदिर में प्रांत स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन, 256 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
खैरागढ़ : सरस्वती शिशु/उच्चतर माध्यमिक विद्या मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय प्रांत स्तरीय खेल प्रतियोगिता-2026 का समापन हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे 256 छात्र-छात्राओं ने हैंडबॉल और वॉलीबॉल के मुकाबलों में बाल, किशोर और तरुण वर्ग में हिस्सा लिया। तीन दिनों तक चले खेल आयोजन में खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में जिला भाजपा महामंत्री शशांक ताम्रकार, पार्षद देवीन कोठले, रूपेंद्र रजक, विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र शर्मा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
विजेता खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
समापन समारोह के दौरान विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा मेडल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने प्रतियोगिता में सफलता हासिल नहीं कर पाने वाले खिलाड़ियों का भी उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हार से निराश होने के बजाय उसे सीख के रूप में लेकर दोगुनी मेहनत की जानी चाहिए।
खेलों से होता है विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला भाजपा महामंत्री शशांक ताम्रकार ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेल न केवल शारीरिक क्षमता को मजबूत करते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से ‘माय भारत’ पोर्टल से जुड़ने की अपील की।
वॉलीबॉल और हैंडबॉल में इन टीमों का रहा शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबॉल के विभिन्न वर्गों में दुर्ग, राजिम और कोरबा की टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं हैंडबॉल में राजनांदगांव, खैरागढ़ और कोरबा की टीमों ने अलग-अलग वर्गों में बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी जगह बनाई।
तीन दिवसीय प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता के समापन के साथ खिलाड़ियों और आयोजकों में उत्साह देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ उनकी प्रतिभा को बेहतर मंच उपलब्ध कराना रहा।