धमतरी में साइबर सुरक्षा को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान, बाजारों और गांवों तक पहुंचा संदेश
धमतरी/नगरी : साइबर अपराधों से बचाव और आम लोगों को ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पाण्डेय के निर्देशन में जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा बाजार चौक, साप्ताहिक बाजार और ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचकर लोगों को साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए गए।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने नागरिकों को OTP, UPI PIN, बैंक संबंधी जानकारी, फर्जी लिंक, QR कोड, ऑनलाइन गेमिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट और ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग जैसे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क किया। लोगों को समझाया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर OTP, PIN या पासवर्ड साझा न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
पुलिस ने सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय भी सावधानी बरतने और निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत थाना अर्जुनी क्षेत्र के ग्राम मुजगहन एवं लोहरसी, थाना रुद्री क्षेत्र के ग्राम बेन्द्रानवागांव, थाना भखारा के साप्ताहिक बाजार, थाना मगरलोड के ग्राम गिरौद, चौकी करेली बड़ी के ग्राम कुण्डेल और थाना दुगली के ग्राम बांधा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर भी जोर
साइबर अपराधों के साथ-साथ धमतरी पुलिस द्वारा महिला एवं बालिका सुरक्षा, बच्चों के अधिकार और गुड टच-बैड टच को लेकर भी लोगों और विद्यार्थियों को जागरूक किया जा रहा है। बच्चों को किसी भी असहज या गलत व्यवहार की स्थिति में चुप नहीं रहने और तत्काल माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस का यह अभियान जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सजग करने और डिजिटल सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में लगातार जारी है।