सुकमा : नशीली सिरप और कैप्सूल के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
सुकमा : पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के नेतृत्व में सुकमा पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आगाज’ के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली सिरप और कैप्सूल के साथ एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ओडिशा के मलकानगिरी में रहकर नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था और नशे का सामान लेकर सुकमा शहर में बिक्री के लिए पहुंचा था। आरोपी के कब्जे से 720 नग नशीले कैप्सूल और 108 नग प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किए गए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।
कुम्हारपारा के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में नशीली सिरप और गोलियां लेकर सुकमा शहर में बिक्री के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई और थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने कुम्हारपारा क्षेत्र के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेंद्र बिस्वास, पिता गोविंद बिस्वास, उम्र 36 वर्ष, निवासी पदमगिरी बताया। आरोपी वर्तमान में मलकानगिरी, ओडिशा में रह रहा था।
कार्टून में छिपाकर रखा था नशीला सामान
तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद कार्टून से Pyeevon Spas Plus के 720 कैप्सूल और OnyRex-Plus Cough Syrup की 108 बोतलें बरामद की गईं। आरोपी इन पदार्थों के परिवहन और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पुलिस के सामने प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने नशीले पदार्थों के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
24 अंतर्राज्यीय तस्करों पर कार्रवाई
सुकमा पुलिस के अनुसार ‘ऑपरेशन आगाज’ के तहत अब तक 24 अंतर्राज्यीय तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इन कार्रवाइयों में करीब 3 करोड़ 31 लाख 77 हजार 650 रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।
पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और बड़े तस्करों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।