बेमेतरा : जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश, 9 किलोमीटर पैदल मार्च कर उठाई सड़क निर्माण की मांग
बेमेतरा : जिले के साजा विधानसभा क्षेत्र में जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। ग्राम गाडाडीह से नवकेशा तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के नेतृत्व में लोगों ने करीब 9 किलोमीटर की पैदल यात्रा की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी शामिल हुए और शासन-प्रशासन से सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग उठाई।
ग्रामीणों और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति बेहद खराब है। जगह-जगह गड्ढों और जर्जर सड़क के कारण बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं समेत वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं।
बताया गया कि इस सड़क से आसपास के करीब 40 गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। यह मार्ग कई गांवों को आपस में जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क खराब होने के कारण रोजमर्रा के आवागमन के साथ स्कूली बच्चों और जरूरी काम से आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
सड़क निर्माण की मांग को लेकर निकाली गई यह पैदल यात्रा अब प्रशासन का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। प्रदर्शनकारियों ने जल्द सड़क निर्माण शुरू किए जाने की मांग की है। अब देखना होगा कि ग्रामीणों की मांग पर जिम्मेदार अधिकारी कब तक कार्रवाई करते हैं।