10% मासिक मुनाफे का झांसा देकर निवेश के नाम पर ठगी, HDFC बैं... - CG Sandesh

10% मासिक मुनाफे का झांसा देकर निवेश के नाम पर ठगी, HDFC बैंक का रिलेशनशिप मैनेजर गिरफ्तार

भिलाई : निवेश पर हर महीने 10 प्रतिशत लाभ का झांसा देकर ठगी करने वाले मामले में सुपेला पुलिस ने HDFC बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर राजकुमार तिवारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने पद का फायदा उठाकर बड़े रकम वाले खाताधारकों की जानकारी जुटाता था और उन्हें गोल्ड ईटीवी में निवेश कर अधिक मुनाफे का लालच देता था।

मामले की शुरुआत सेक्टर-7 निवासी राजू नामदेव की शिकायत से हुई। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने निवेश पर 10 प्रतिशत मासिक लाभ का भरोसा दिलाकर उनसे 15 लाख रुपये लिए थे। शुरुआत में खाते में लाभांश की रकम भेजी गई, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया और रकम लौटाने का आश्वासन दिया जाता रहा।

जांच में पुलिस को निवेशकों के बयानों, बैंक खातों और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों से राजकुमार तिवारी की भूमिका के साक्ष्य मिले। पुलिस के अनुसार, आरोपी निवेशकों से चेक लेकर मुख्य आरोपी योगेश साहू के खाते में रकम जमा कराता था। वहीं निवेशकों का भरोसा बनाए रखने के लिए शुरुआती लाभांश की राशि अपने खाते से देता था।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद राजकुमार तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में मुख्य आरोपी समेत अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले संस्था और योजना की पूरी जानकारी सत्यापित करें। असामान्य या निश्चित मुनाफे का लालच देने वाली योजनाओं में बिना जांच के राशि जमा न करें।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें