छत्तीसगढ़ हॉकी की नई कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित, मनीष श... - CG Sandesh

छत्तीसगढ़ हॉकी की नई कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित, मनीष श्रीवास्तव बने अध्यक्ष

राजनांदगांव : शहर में रविवार को छत्तीसगढ़ हॉकी की 18वीं वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा के साथ वर्ष 2026 से 2030 तक के कार्यकाल के लिए नई कार्यकारिणी के चुनाव परिणाम घोषित किए गए। निर्वाचन अधिकारी ने अध्यक्ष, सचिव समेत 11 पदों पर निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों के नामों की घोषणा की।

आमसभा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से हॉकी संघ के पदाधिकारी शामिल हुए। चुनाव प्रक्रिया के दौरान हॉकी इंडिया के मुख्य निर्वाचन अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ और हॉकी इंडिया के पर्यवेक्षक मौजूद रहे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि 24 अगस्त से चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई थी और 11 पदों के लिए 12 नामांकन प्राप्त हुए थे। नाम वापसी के बाद मतदान की स्थिति नहीं बनी और सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश में हॉकी को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार द्वारा हॉकी लीग प्रतियोगिता आयोजित किया जाना बड़ी उपलब्धि है। इसके अलावा राजनांदगांव के एक्सट्रोटर्फ को बदलने और जांजगीर, दुर्ग, रायगढ़ व अंबिकापुर जैसे जिलों में एक्सट्रोटर्फ लगाने को लेकर भी कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

आमसभा के दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का प्रतीक चिन्ह और फूल-मालाओं से सम्मान किया गया। साथ ही संगठन में नए पद का सृजन करते हुए छत्तीसगढ़ हॉकी के पूर्व अध्यक्ष फिरोज अंसारी को डायरेक्टर जनरल नियुक्त किया गया।

फिरोज अंसारी ने बताया कि यह छत्तीसगढ़ हॉकी की 18वीं वार्षिक आमसभा है और 21 दिनों से चल रही चुनाव प्रक्रिया का रविवार को समापन हुआ। उन्होंने बताया कि सभी पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। आमसभा में प्रदेश में हॉकी को मजबूत करने और खेल को आगे बढ़ाने की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें