मौरीकला में 19 सितंबर को संगीतमय रामायण और राज्यस्तरीय डीजे डांस प्रतियोगिता
ग्राम मौरीकला (गुफा) में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन की परंपरा के तहत 19 सितंबर, शनिवार को संगीतमय रामायण कार्यक्रम एवं राज्यस्तरीय डीजे डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। समर्पण युवा संगठन, नवयुवक गणेशोत्सव समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में होने वाला यह आयोजन लगातार 13 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के तहत सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक संगीतमय रामायण का आयोजन होगा। इसमें तीन मानस मंडलियों द्वारा अलग-अलग समय पर प्रस्तुति दी जाएगी। प्रथम पुष्प में नवज्योति मानस परिवार, मौरीकला सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक प्रस्तुति देगा। द्वितीय पुष्प में श्रीराम कृपा मानस परिवार, सालिकझरिया (राजनांदगांव) दोपहर 12 से 3 बजे तक तथा तृतीय पुष्प में शारदा रानी महिला मानस परिवार, सोरिद (महासमुंद) दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक संगीतमय रामायण प्रस्तुत करेगा। आयोजन के दौरान प्रत्येक मानस मंडली को श्रीराम टोकरी एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया जाएगा।
रात 9 बजे से राज्यस्तरीय डीजे डांस प्रतियोगिता
संगीतमय रामायण के बाद रात 9 बजे से राज्यस्तरीय डीजे डांस प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें सामूहिक, युगल एवं एकल नृत्य की प्रतियोगिताएं होंगी।
सामूहिक नृत्य में प्रथम पुरस्कार 10 हजार, द्वितीय 6 हजार, तृतीय 4 हजार, चतुर्थ 2 हजार और पंचम पुरस्कार 1 हजार रुपये रखा गया है। युगल नृत्य में प्रथम 4 हजार, द्वितीय 3 हजार, तृतीय 2 हजार, चतुर्थ 1500 और पंचम 1 हजार रुपये तथा एकल नृत्य में प्रथम 3 हजार, द्वितीय 2 हजार, तृतीय 1500, चतुर्थ 1 हजार और पंचम पुरस्कार 500 रुपये दिया जाएगा।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ी वेशभूषा, सर्वश्रेष्ठ संगीत, सर्वश्रेष्ठ अनुशासन तथा सर्वश्रेष्ठ कॉमेडी एवं नृत्य जैसी विशेष श्रेणियों में भी पुरस्कार दिए जाएंगे। इन विशेष पुरस्कारों के लिए 351 रुपये की राशि निर्धारित की गई है।
संकरी, दर्रा सहित कई गांवों में भी आयोजन
19 सितंबर को क्षेत्र के संकरी, दर्रा, नारी, गातापार, दुलना (नवापारा) और चंद्रसूर में भी डांस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इससे एक ही दिन क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन होगा और स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण YouTube सीजी टीकम लाइव के माध्यम से सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। कार्यक्रम ग्राम मौरीकला (गुफा), तहसील कुरूद, जिला धमतरी में आयोजित होगा।