यूपीआई, कार्ड या नेट बैंकिंग से अब डायरेक्ट टैक्स भरना हुआ आसान
दिल्ली, सितंबर 2026: डायरेक्ट टैक्स भरने के लिए टैक्सपेयर्स को अब एक ही पेमेंट तरीके पर निर्भर नहीं रहना होगा। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेस (सीबीडीटी) के लिए अपने पेमेंट गेटवे का इंटीग्रेशन पूरा कर लिया है। इसके बाद देशभर के टैक्सपेयर्स यूपीआई, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और इंटरनेट बैंकिंग के जरिए डायरेक्ट टैक्स का भुगतान कर सकेंगे।
आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के हेड-रिटेल लायबिलिटीज, कार्ड्स एंड पेमेंट्स, शिरीष भंडारी ने कहा, "इस सुविधा के जरिए टैक्सपेयर्स अपनी पसंद के पेमेंट मोड से आसानी और सुरक्षित तरीके से टैक्स भर सकेंगे।"
टैक्सपेयर्स आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के रिटेल और कॉर्पोरेट इंटरनेट बैंकिंग प्लेटफॉर्म के साथ-साथ यूपीआई और कार्ड से पेमेंट कर सकते हैं। ऑफलाइन भुगतान के लिए ग्राहक बैंक की किसी भी ब्रांच में जाकर चेक, डिमांड ड्राफ्ट या कैश के जरिए टैक्स जमा कर सकते हैं। दूसरे बैंकों के ग्राहक भी अपने बैंक की इंटरनेट बैंकिंग से आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के पेमेंट गेटवे के जरिए भुगतान कर सकेंगे। पेमेंट के बाद ग्राहक चालान और पेमेंट कन्फर्मेशन डाउनलोड कर सकते हैं। इससे टैक्स भुगतान की जानकारी संभालकर रखना आसान होगा।
टैक्स भरने के लिए इनकम टैक्स ई-फाइलिंग पोर्टल पर लॉग इन करें, चालान बनाकर 'पेमेंट गेटवे' चुनें, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक चुनें और यूपीआई, कार्ड या इंटरनेट बैंकिंग से भुगतान पूरा करें।