Bastar Olympic 2026: आज से शुरू हुआ रजिस्ट्रेशन, 30 अक्टूबर ... - CG Sandesh

Bastar Olympic 2026: आज से शुरू हुआ रजिस्ट्रेशन, 30 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन...नवंबर से मैदान में उतरेंगे खिलाड़ी

 बस्तर :  युवाओं के लिए खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का एक और मौका सामने आया है। बस्तर ओलंपिक 2026 के तीसरे संस्करण के लिए 1 अक्टूबर से पंजीयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक खिलाड़ी 30 अक्टूबर तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। इसके बाद नवंबर से अलग-अलग स्तरों पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन शुरू होगा।

11 खेलों में प्रतिभा दिखाने का मिलेगा मौका

बस्तर ओलंपिक में इस बार 11 अलग-अलग खेलों को शामिल किया गया है। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, फुटबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और कराटे सहित कई खेलों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष की उम्र के बालक और बालिकाएं शामिल होंगे, जबकि सीनियर वर्ग में महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए भाग लेने का अवसर रहेगा।

तीन चरणों में होगी बस्तर ओलंपिक की प्रतियोगिता

बस्तर ओलंपिक का आयोजन तीन अलग-अलग स्तरों पर किया जाएगा। सबसे पहले विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएं होंगी। इसके बाद चयनित खिलाड़ी जिला और संभाग स्तर की प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे।

  • विकासखंड स्तर: 1 से 13 नवंबर
  • जिला स्तर: 16 से 25 नवंबर
  • संभाग स्तर: 7 से 11 दिसंबर

इस तरह करीब दो महीने तक अलग-अलग चरणों में खेल गतिविधियां जारी रहेंगी।

पिछले संस्करण में करीब 4 लाख खिलाड़ियों ने कराया था रजिस्ट्रेशन

बस्तर ओलंपिक को पिछले दो आयोजनों में युवाओं की अच्छी भागीदारी मिली है। पहले संस्करण में करीब 1.65 लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था। वहीं दूसरे संस्करण में यह संख्या बढ़कर 3.91 लाख तक पहुंच गई।तीसरे संस्करण में भी बड़ी संख्या में युवाओं के जुड़ने की उम्मीद है। इस आयोजन का उद्देश्य बस्तर के स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा सामने लाने के साथ प्रतियोगितात्मक मंच उपलब्ध कराना है।

खेल के जरिए युवाओं को आगे बढ़ाने की पहल

बस्तर ओलंपिक की शुरुआत बस्तर क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं को बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से की गई थी। खासतौर पर ऐसे क्षेत्रों में जहां लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों का असर रहा, वहां युवाओं को खेल से जोड़ने की दिशा में इस आयोजन को महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा गया है।अब तीसरे संस्करण के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू होने के साथ एक बार फिर बस्तर के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलने जा रहा है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें