सुकमा में काष्ठ तस्करी पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 48 नग अवैध लकड़ी जब्त, सागौन के साथ ऑटो भी पकड़ा
सुकमा : वन संपदा की अवैध कटाई, भंडारण और परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की है। तोंगपाल और सुकमा वन परिक्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 48 नग अवैध काष्ठ जब्त किया। जब्त लकड़ी की कुल मात्रा 0.872 घनमीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये है। इस दौरान अवैध रूप से सागौन ले जा रहे एक ऑटो को भी जब्त किया गया है।
तोंगपाल और कमलापदर में गश्त के दौरान मिली लकड़ी
वन विभाग के अनुसार 30 सितंबर को तोंगपाल वन परिक्षेत्र के ग्राम तोंगपाल और कमलापदर में वनकर्मियों की संयुक्त टीम ने सुबह गश्त की। इस दौरान अलग-अलग जगहों पर लकड़ी अवैध रूप से रखी हुई दिखाई दी।मौके पर पहुंचकर टीम ने लकड़ी की जांच की और उसे जब्त कर लिया। कार्रवाई में साल चिरान और चौखट के 24 नग मिले, जिनकी कुल मात्रा 0.363 घनमीटर थी। इसके अलावा बीजा चिरान और फारा के 15 नग भी बरामद किए गए, जिनकी मात्रा 0.294 घनमीटर बताई गई है।इस तरह तोंगपाल और कमलापदर क्षेत्र से कुल 39 नग अवैध काष्ठ जब्त किया गया, जिसकी मात्रा 0.657 घनमीटर रही।
सुकमा में सागौन से भरा ऑटो पकड़ा
इसी दिन सुकमा वन परिक्षेत्र में भी वन विभाग की टीम ने कार्रवाई की। सुबह करीब 4:45 बजे वनकर्मियों ने संदिग्ध ऑटो क्रमांक CG-18-K-8332 को रोककर उसकी जांच की।तलाशी के दौरान ऑटो में सागौन की लकड़ी का परिवहन किया जा रहा था। वाहन से सागौन के 9 नग बरामद हुए, जिनकी कुल मात्रा 0.215 घनमीटर बताई गई। लकड़ी के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर वन विभाग ने सागौन के साथ ऑटो को भी जब्त कर लिया।
कुल 48 नग काष्ठ जब्त, कीमत करीब 1.20 लाख रुपये
तोंगपाल और सुकमा वन परिक्षेत्र में हुई दोनों कार्रवाइयों को मिलार वन विभाग ने 48 नग काष्ठ जब्त किया है। इसकी कुल मात्रा 0.872 घनमीटर है। जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।वन विभाग ने जब्त लकड़ी और वाहन के संबंध में आवश्यक दस्तावेज तैयार कर वन अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
लकड़ी के स्रोत और गंतव्य की जानकारी जुटाई जा रही
विभाग की जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जब्त लकड़ी कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। अधिकारियों के मुताबिक वन क्षेत्रों में अवैध कटाई, भंडारण और काष्ठ परिवहन पर रोक लगाने के लिए नियमित निगरानी की जा रही है।वनकर्मियों द्वारा संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त के साथ संदिग्ध वाहनों की भी जांच की जा रही है। विभाग ने कहा है कि बिना अनुमति वन संपदा की कटाई, भंडारण या परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल जब्त काष्ठ और ऑटो के संबंध में वैधानिक प्रक्रिया जारी है।