​मोदी सरकार की नीतियों से देश में अब तक 49.60 करोड़ लोग गरीब... - CG Sandesh

​मोदी सरकार की नीतियों से देश में अब तक 49.60 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर - वर्ल्ड बैंक रिपोर्ट

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। वर्ल्ड बैंक की हालिया रिपोर्ट (अक्टूबर 2026) के अनुसार, वर्ष 2011 से 2023 के बीच देश में करीब 49.60 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं और गरीबी की दर 57.70 प्रतिशत से घटकर 16.10 प्रतिशत पर आ गई है। इस बड़ी उपलब्धि में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के साथ-साथ कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय की योजनाओं का भी अहम योगदान रहा है। 

इसी ऐतिहासिक सफलता को आगे बढ़ाने और शेष गरीब परिवारों को तेजी से गरीबी रेखा से ऊपर उठाने के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर कल, 23 नवंबर (सोमवार) को नई दिल्ली स्थित अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।

​केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली इस कार्यशाला का विषय "भारत में गरीबी कम करने में कृषि एवं ग्रामीण विकास की भूमिका और योगदान" रखा गया है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में दोनों मंत्रालयों के राज्य मंत्रीगण रामनाथ ठाकुर, भागीरथ चौधरी, चंद्रशेखर पेम्मासानी और कमलेश पासवान तथा चारों सचिवों सहित दोनों मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

​इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य गरीबी उन्मूलन में अब तक मिली सफलता में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करना है। केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान इस अवसर पर सभी कर्मचारियों की मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें आगे के लक्ष्यों के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यशाला में इस बात पर गहन मंथन किया जाएगा कि वर्तमान में जो लोग गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे हैं, उन्हें कृषि और ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से और अधिक तेजी से गरीबी के दुष्चक्र से बाहर कैसे निकाला जाए।

​बैठक के दौरान योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को और प्रभावी बनाने, किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण आजीविका को सशक्त करने और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए ठोस रोडमैप तैयार किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'गरीब कल्याण' और 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह कार्यशाला एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें