news-details

प्रभारी सचिव ने किया विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी का एक वेतन वृद्धि रोकने दिए निर्देश

कृषि विभाग के सचिव तथा कांकेर जिले के प्रभारी सचिव धनंजय देवांगन ने आज जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों तथा कृषि व उद्यानिकी विकास की गतिविधियों का अवलोकन किया।

प्रभारी सचिव ने आज सुबह ग्राम बागोडार के किसान द्वारिका साहू के खेत में लगाए गए चना एवं गेहूं की कतार बोनी का अवलोकन किया तथा लाभकारी फसलों की खेती करने के लिए उसकी प्रशंसा करते हुए उसे उद्यानिकी फसलों की भी खेती करने और मछली पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया साथ ही उसके खेत के किनारे खाली जमीन में पपीता का पौधा लगाने हेतु उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक को निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने विष्णु पटेल के बाड़ी में की जा रही सब्जी की खेती का भी अवलोकन किया तथा ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें लाभकारी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने गांव के किसानों द्वारा परम्परागत घुरवा का उन्नयन कर बनाये गये स्मार्ट घुरवा का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे, कृषि विभाग के उप संचालक नरेन्द्र कुमार नागेश, सहायक संचालक उद्यानिकी व्ही..के. गौतम सहित कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।


उन्नत नस्ल वत्स प्रदर्शनी का अवलोकन

प्रभारी सचिव धनंजय देवांगन ने ग्राम माकड़ी खूना में पशुधन विकास विभाग द्वारा लगाये गये उन्नत नस्ल वत्स प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में देशी गाय का कृत्रिम गर्भाधान से उत्पन्न गिर, शाहीवाल, जर्सी, एचएफ इत्यादि नस्ल के बछड़ों का प्रदर्शन किया गया। बछड़ों को कृमि की दवा नहीं पिलाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने संबंधित सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी जितेन्द्र लोन्हारे का एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे एवं पशुधन विकास विभाग के उप संचालक नरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे। उन्नत नस्ल वत्स प्रदर्शनी के अवलोकन पश्चात प्रभारी सचिव ने आंगनबाड़ी केन्द्र माकड़ी खूना का भी अवलोकन किया तथा केन्द्र में दर्ज बच्चों एवं उनके पोषण स्थिति के संबंध में जानकारी ली। उक्त आंगनबाड़ी केन्द्र में 13 बच्चे दर्ज तथा 08 गर्भवती माताओं को पौष्टिक गर्म भोजन का वितरण किया जा रहा है। प्रभारी सचिव ने रसोई कक्ष का भी अवलोकन किया तथा पकाये गये भोजन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त किया।

सेंदार नाला डायवर्सन का निरीक्षण

प्रभारी सचिव ने चारामा विकासखण्ड के ग्राम परसोदा पहुंचकर जल संसाधन विभाग द्वारा बनाये जा रहे सेंदार नाला डायवर्सन का निरीक्षण किया। कार्यपालन अभियंता आरआर वैष्णव ने बताया कि उक्त डायवर्सन से 1215 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी। डायवर्सन की सिंचाई नहर का निर्माण जून माह तक पूर्ण हो जाने की जानकारी उनके द्वारा दी गई।

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कोटतरा का आकस्मिक निरीक्षण

जिले के प्रभारी सचिव ने ग्राम कोटतरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सह आयुष केन्द्र का भी आकस्मिक निरीक्षण किया एवं केन्द्र के प्रत्येक कक्ष में जाकर सुविधाओं की जानकारी ली। चिकित्सा अधिकारी द्वारा स्वास्थ्य केन्द्र में पर्याप्त मात्रा में दवाई उपलब्ध होने तथा शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव होने और प्रतिदिन की 30 से 35 ओपीडी होने की जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएल उईके भी उपस्थित थे।




अन्य सम्बंधित खबरें