शिक्षाकर्मियों को बजट से उम्मीद मिलेगी संविलियन की सौगात
सरायपाली. बजट सत्र शुरू हो चुका है. ऐसे में किसानों समेत पूरे प्रदेश के
कर्मचारियों की नजर बजट सत्र पर लगी हुई है. इस बीच वर्तमान बजट सत्र में संविलियन
की आस लगाए शिक्षाकर्मियों की भी निगाहें लगी हुई है. विगत 6 महीनों से संविलियन
से वंचित शिक्षाकर्मियों ने संविलियन अधिकार मंच के प्रदेश संयोजक विवेक दुबे के
नेतृत्व में प्रदेश के सभी मंत्रियों और विधायकों से दो- दो बार मुलाकात की है और
मुख्यमंत्री से भी उनकी चर्चा हो चुकी हैं. सभी ने उन्हें बजट सत्र का इंतजार करने
और उसमें उनकी मांग पूरी होने का भरोसा दिलाया है. ऐसे में शिक्षाकर्मियों को भी
विश्वास है कि इस बार का बजट उनके भविष्य को बदलने वाला बजट होगा.
प्रदेश में अब
केवल 16049 शिक्षाकर्मी ही संविलियन से वंचित बचे हुए हैं जिनके संविलियन के लिए सरकार
को लगभग 366 करोड़ रुपए की राशि ही खर्च करनी होगी यदि प्रदेश के कुल बजट को देखें तो एक
लाख करोड़ के संभावित बजट में से 366 करोड़ रुपये बहुत ही छोटी रकम है ऐसे में शिक्षाकर्मियों के संविलियन की
उम्मीद बढ़ गई है और सभी को यह विश्वास है कि मुख्यमंत्री उन्हें निराश नहीं
करेंगे. इस मुद्दे पर संविलियन अधिकार मंच के जिला संयोजक सुरेंद्र दीवान ने बताया
कि हमने प्रदेश के सभी विधायकों, मंत्रियों से दो-दो बार मुलाकात करके संविलियन की गुहार लगाई थी और उन्हें
मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा था सभी ने हमारे कार्यक्रम की तारीफ करते हुए कहा
था कि सरकार आप के विषय में जरूर निर्णय लेगी और आप बिना स्कूल प्रभावित किए जिस
प्रकार अपनी बात रख रहे हैं वह कर्मचारी राजनीति के दृष्टिकोण से बेहतर और अनूठा
कदम है जिसका प्रतिफल आपको अवश्य मिलेगा. अब हमें उम्मीद है कि इस बजट में
मुख्यमंत्री जी वादे के अनुरूप बजट की घोषणा करेंगे जिस पर हमारी निगाहें लगी हुई
हैं.