कांकेर :  वनाधिकार पट्टाधारी सभी व्यक्तियों का बनेगा किसान क... - CG Sandesh

कांकेर : वनाधिकार पट्टाधारी सभी व्यक्तियों का बनेगा किसान क्रेडिट कार्ड

जिले के सभी वन अधिकार पट्टाधारी व्यक्तियों का किसान क्रेडिट कार्ड बनाया जाएगा, इन सभी किसानों का प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में पंजीयन और श्रमयोगी मानधन योजना में बीमा भी कराया जाएगा। ग्राम पंचायत के सचिव एवं कोटवार तथा पटवारी द्वारा केसीसी फार्म भरने के लिए सहकारी समितियों में जाने हेतु किसनों को प्रेरित किया जाएगा। कलेक्टर ने आज समय सीमा की बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड बनाने के कार्य की समीक्षा करते हुए इस आशय की निर्देश दिए साथ ही सभी एसडीएम को इस कार्य का सतत मानिटरिंग करने एवं अपने-अपने अनुविभाग में छः-छः हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र में मक्का की फसल लगाने के लिए निर्देशित किया। केसीसी फार्म भरने के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी उनके द्वारा दिये गये।

शासन द्वारा प्राप्त विभिन्न पत्रों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन करते हुए उत्कृष्ट परिणाम देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आंकाक्षी जिला के सभी सूचकांकों जैसे- शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, कृषि एवं जल संसाधन, बुनियादी ढाचे, कौशल उन्नयन एवं वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर बेहतर परिणाम दें। जिले में निर्मित सभी गौठान को बहुउद्देशीय गतिविधि केन्द्र के रूप में विकसित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि गौठान के महिला स्व. सहायता समूह के माध्यम से मक्का की खेती को बढ़ावा दिया जावे, शासकीय जमीन उपलब्ध होने पर वहां और उपलब्ध नहीं होने पर आसपास के किसानों के जमीन को रेग में लेकर मक्का की खेती किया जावे। गौठानों मे वर्मी कंपोस्ट बनाने, सीमेंट पोल बनाने, तालाब होने पर मछली पालन करने, कुक्कट पालन करने जैसे अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया।

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान अंतर्गत जिले के सभी आश्रम-छात्रावासो और आंगनबाड़ी केन्द्रों में सुपोषण वाटिका लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिये है, साथ ही सभी एसडीएम को इस कार्य का नियमित मानिटरिंग करने के लिए निर्देशित किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री हाट बाजार क्विलीनिक योजना अंतर्गत साप्ताहिक बाजारों मे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के संबंध में भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकरियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे, अपर कलेकटर एमआर चेलक एवं सीएल मार्कण्डेय, सभी एसडीएम एवं जिला अधिकारी और तहसीलदार एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालना अधिकारी उपस्थित थे।


अन्य सम्बंधित खबरें