मनरेगा में लोगों को रोजगार उलब्ध कराएं-सीईओ - CG Sandesh

मनरेगा में लोगों को रोजगार उलब्ध कराएं-सीईओ

जिला पंचायत कांकेर मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे ने आज नवनिर्वाचित सभी सरपंचो, सचिवों, तकनीकी सहायक व एडीओं की जनपद पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में बैठक लिया। नवनिर्वाचित सरपंचो का परिचय प्राप्त करने के बाद उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए उन्हे ग्राम पंचायत में अच्छे से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

सीईओ डॉ. संजय कन्नौजे ने सभी सरपंचो एवं ग्राम पंचायत सचिवो को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी योजना के तहत् ग्रामीणों को अधिक से अधिक कार्य प्रदाय करें ताकि उन्हें रोजगार मिल सके और गांव में नये तालाब, तालाब गहरीकरण, डबरी, भूमि समतलीकरण व सड़क निर्माण का कार्य हो सके। नवनिर्वाचित सरपंचो को शासन की प्रमुख महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरवा व बाड़ी, सुपोषण अभियान, हाट-बाजार , मनरेगा योजना, ग्राम विकास योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई तथा योजनाओं का शतप्रतिशत क्रियान्वयन अपने गांवों में करने का सुझाव दिया गया। उन्होंने गांव के सर्वागिण विकास के लिए प्रत्येक सोमवार को अपने ग्राम पंचायत कार्यालय को खोलने व मैदानी स्तर के कर्मचारियों जैसे-हैण्डपम्प मैकेनिक, रोजगार सहायक, मितानिन, स्व. सहायता समूह की महिलाओं के साथ बैठक कर गांव की समस्या और गांव के विकास के बारे में चर्चा करने के लिए सभी सरपंचो को प्रेरित किया।

डॉ. कन्नौजे द्वारा नवनिर्वाचित सरपंचो को ग्राम पंचायत के अधिकार व शक्तियों के बारे में भी बताया गया। उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी योजना अंतर्गत जिले में वर्तमान में 55 से 60 हजार मजदूर कार्यरत हैं, जिसमें 16,595 परिवार को 100 दिवस से अधिक का रोजगार प्रदाय किया जा चुका है। 984 दिव्यांगो को भी इस योजना के तहत् रोजगार प्रदाय किया गया है। उन्होंने सभी तकनीकी सहायक व ग्राम पंचायत सचिवों को ग्राम पंचायत में स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन, पुल-पुलिया, सी.सी. रोड व अन्य निर्माण कार्यो को गुणवत्ता पूर्ण तरीके से समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिये। बैठक में जनपद पंचायत कांकेर के सीईओ यू.के पामभोई, सहायक परियोजना अधिकारी मनरेगा, पी.ओ. मनरेगा, सभी सरपंच एवं सचिव तथा इंजीनियर उपस्थित थे।


अन्य सम्बंधित खबरें