कोरोना वायरस की अफवाह से चिकन के दाम में आई गिरावट
चीन से संबंधित इलेक्ट्रानिक सामानों के पार्ट्स हुए महँगे
सरायपाली. चीन में कहर बरपा रहे कोरोना वायरस का असर सरायपाली में भी देखने को मिल रहा है. एक ओर जहाँ चीन के इलेक्ट्रानिक सामानों के पार्ट्स की कीमतें बढ़ गई है, वहीं विगत कुछ दिनों से चिकन में वायरस फैलने की अफवाह के कारण इसके कीमत आधे हो गए हैं. जबकि मछली व मटन के दाम बढ़ गए हैं. सब्जी के दाम के बराबर चिकन हो जाने से अचानक इसके खरीददार भी बढ़ गए हैं.
विगत कुछ दिनों से कोरोना वायरस की खबरें लगातार सुनाई दे रही हैं. सोशल मीडिया से अधिकांश लोग जुड़े हुए हैं, जिससे लगभग सभी को इस वायरस के बारे में जानकारी है. प्रतिदिन चीन में कोरोना वायरस की चपेट में आकर होने वाले मृत्यु की जानकारी भी लोगों को मिल रही है. इससे सचेत करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी शिविर लगाकर लोगों को बचने के उपाय बताये गए हैं.
वहीं कुछ दिनों से चिकन में भी कोरोना वायरस फैलने की अफवाह के कारण इसकी कमतों में गिरावट आ गई है. जानकारी अनुसार पूर्व में ब्रायलर 140 से 160 रूपये प्रतिकिलो बिक रहा था, जो कि अब 80 से 100 रूपये में बिकने लगा है. जबकि थोक में 80 से 90 रूपये था जो अब 40 से 45 रूपये हो गया है. कीमतों में गिरावट फरवरी के प्रथम सप्ताह सेही देखने को मिल गया था, जो कि अब पूर्व की अपेक्षा कुछ अधिक ही गिरावट आयी है. इसके अलावा चीन से आने वाले कई तरह के इलेक्ट्रानिक सामानों व उनके पार्ट्स के दामों में भी काफी बढ़ोत्तरी हो गई है.
पंकज मोबाईल के संचालक भूपेश सलूजा ने बताया कि चायना से संबंधित मोबाईल की बैटरियाँ, मेमोरी कार्ड, डिस्प्ले, टच, स्पेयर पार्ट्स, एमआई कम्पनी के मोबाईल के दाम में भी बढ़ोत्तरी हुई है. कीमत में बढ़ोत्तरी से व्यापार भी प्रभावित हुआ है और ग्राहकों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है. यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आगे मोबाईल फोन के दाम भी और बढ़ सकते हैं.