बीएस-4 वाहन के पंजीयन की तिथि में बढ़ोत्तरी से डीलरों ने ली राहत की सांस
दीपावली की तरह बीएस-4 वाहनों में ऑफर का लाभ उठा रहे हैं लोग
तिथि में संशोधन नहीं होने पर डीलरों को होता करोड़ों का नुकसान
सरायपाली. खरीफ फसल का धान बेचने के बाद शादी ब्याह का सीजन शुरू हो जाता है और हर वर्ग के लोग कई तरह के सामान की खरीददारी करते हैं. अधिकांश वाहनों की भी खरीदी इसी दौरान होती है. विगत 12 फरवरी से डीलरों को सूचना मिल गई थी कि 1 मार्च से बीएस-6 वाहन आने वाले हैं और बीएस-4 वाहनों का पंजीयन 29 फरवरी के बाद बंद हो जायेगा. डीलरों ने वाहनों में ऑफर देकर स्टॉक में रखे वाहनों को बेचना शुरू कर दिया था.
दीपावली की तरह वाहनों में मिल रहे इस तरह के ऑफर का लाभ लोग शादी सीजन में भी उठा रहे हैं. तिथि में संशोधन नहीं होता तो डीलरों को लाखों रूपये का नुकसान उठाना पड़ता. लेकिन पंजीयन की तिथि अब 30 मार्च तक किये जाने से डीलरों ने भी राहत की सांस ली है और उनका लाखों रूपये का नुकसान होने से बच गया.
जानकारी अनुसार ऑटो मोबाईल्स डीलर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने कल विधानसभा में परिवहन मंत्री मो. अकबर से मुलाकात की और बीएस-4 वाहन बड़ी संख्या में बचे होने के कारण उन वाहनों के पंजीयन की तिथि में संशोधन करने और सुप्रीम कोर्ट के गाइडलाईन के अनुसार 31 मार्च तक बीएस-4 वाहनों के आरटीओ में पंजीयन की अनुमति देने की मांग की थी. जिसपर परिवहन मंत्री के द्वारा डीलरों की मांग को देखते हुए उक्त वाहनों के पंजीयन को 30 मार्च तक बढ़ाया गया.
इस प्रकार पंजीयन की तिथि में संशोधन होने से जहाँ विभिन्न कम्पनी के वाहन रखने वाले डीलरों ने राहत की सांस ली है, वहीं अब आगामी कुछ दिनों तक ग्राहकों को भी छूट एवं ऑफर का लाभ मिलने की संभावना बढ़ गई है. अभी सरायपाली में चुनिंदा बीएस-4 वाहनों में 2 हजार रूपये से 7 हजार रूपये तक की छूट दी जा रही है.
बीएस-6 वाहन में कई तरह के बदलाव होंगे, जो एफआई इंजन वाली गाड़ी होगी और प्रदूषण मुक्त होगा. इसमें माईलेज एवं अन्य प्रकार की सुविधाओं के साथ-साथ कीमतों में भी बढ़ोत्तरी हुई है.
यहाँ के कुछ डीलरों से इस संबंध में चर्चा की गई, जिसमें पुखराज होण्डा के संचालक मनमीत सिंह आहूजा ने बताया कि पंजीयन एवं बिक्री की तिथि में बढ़ोत्तरी से ग्राहकों के साथ डीलरों को भी लाभ हुआ है. तिथि में संशोधन नहीं होता तो बिना पंजीयन के नये बीएस-4 वाहन भी कबाड़ बन जाते. होण्डा में स्टॉक लिमिटेड है और कोई विशेष छूट भी नहीं है. चुनिंदा वाहनों में ही ग्राहकों को कुछ निश्चित राशि कैश बैक दी जा रही है. बीएस-6 वाहनों में होण्डा के सभी मॉडल कार्बोरेटर रहित होंगे और प्रदूषण मुक्त वाहन के साथ साथ माईलेज भी अधिक होगा.
सुविधाओं में बढ़ोत्तरी के कारण इन वाहनों के दाम भी 8 से 10 हजार रूपये तक अधिक होंगे. भवानी बजाज के संचालक विनोद जैन ने बताया कि बजाज कंपनी के कुछ बीएस-4 मॉडलों में नगद ऑफर दिया जा रहा है. शादी सीजन होने के कारण ग्राहकों को इस ऑफर का लाभ भी मिल रहा है. वहीं बीएस-6 मॉडल के बारे में उन्होंने बताया कि इसमें एक-दो सेंसर लगे रहेंगे और दाम में भी 7 से 11 हजार के बीच बढ़ोत्तरी होगी.
बंसल ऑटो के संचालक मनोज अग्रवाल ने बताया कि बीएस-4 मॉडल में 2 से 5 हजार रूपये तक की छूट ग्राहकों को दी जा रही है. दीपावली की तरह लोग ऑफर का लाभ उठा रहे हैं. बीएस-6 मॉडल में 10 से 15 हजार के बीच दाम में बढ़ोत्तरी हो सकती है.
इण्डियन होण्डा के संचालक जनाब खान ने बताया कि बीएस-4 वाहन को 29 फरवरी तक बेच पाना डीलरों के लिए चुनौती पूर्ण हो गया था, लेकिन अब तिथि में संशोधन होने से बचे हुए बीएस-4 वाहन भी बिक जायेंगे, और डीलरों को नुकसान नहीं होगा.