सड़क तक सामान व पार्किंग के कारण संकरा हो गया मार्ग, यातायात ... - CG Sandesh

सड़क तक सामान व पार्किंग के कारण संकरा हो गया मार्ग, यातायात के दबाव के कारण दुर्घटना का खतरा बढ़ा.

सरायपाली. शहर के भीतर सड़क के किनारे स्थित बैंकों, दुकानों आदि के सामने वाहनों की पार्किंग के अलावा दुकानदारों द्वारा शेड से बाहर सड़क तक दुकानों का सामान निकालने के कारण शहर के सभी मार्ग संकरे हो गए हैं. हाल ही में नगरपालिका में बैठक रखकर सड़क तक निकाले सामानों को शेड के भीतर रखने के लिए भी व्यापारियों ने सहमति दी थी.

लेकिन अभी भी उसमें सुधार नहीं हुआ है और आये दिन सड़कों पर जाम की स्थिति बन रही है. विगत तीन चार वर्षों में शहर के कई स्थानों पर नए-नए बैंक खुल गए हैं. शहर के मुख्य मार्ग पर सड़क के किनारे बैंक ऑफ़ इण्डिया, आंध्रा बैंक, यूनाईटेड बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईडीबीआई बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, पदमपुर मार्ग पर छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, केनरा बैंक, इण्डियन ओवरसीज बैंक, सरसीवां रोड पर एक्सिस बैंक, सेन्ट्रल बैंक स्थित हैं.

सुबह 10 बजे से अपरान्ह 4 बजे तक बैंक के सामने ही वाहनों की पार्किंग की जाती है. जिसके कारण सड़क संकरा हो जाता है और यातायात का दबाव बढ़ जाता है. इससे कई बार ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन जाती है. विशेष कर जय स्तंभ चैक, ओड़ियापारा चैक, थाना के सामने, सेंट्रल बैंक के पास प्रतिदिन सबसे अधिक भीड़ रहती है. अवकाश के दिनों को छोड़क र प्रतिदिन वाहनों की पार्किंग सड़क तक देखी जा सकती है.

इसके अलावा पदमपुर मार्ग एवं शहर के कुछ चुनिंदा दुकानों के सामने भी ग्राहकों द्वारा सड़क तक पार्किंग की जाती है. वहीं पदमपुर रोड, सरसीवां रोड व मुख्य मार्ग में कई स्थानों पर दुकानदारों द्वारा शेड के बाहर तक सामान भी निकाला गया है. जिसके कारण सड़क काफी संकरा हो गया है.

मंगलवार साप्ताहिक बाजार व शुक्रवार नमाज के दिन पदमपुर रोड में अक्सर जाम की स्थिति देखने को मिलती है. समय-समय पर नगरपालिका द्वारा चूना की पट्टी खींची जाती है, लेकिन उसका भी व्यापारियों पर कोई विशेष असर देखने को नहीं मिलता.

जो दिखता है, वो बिकता है - दुकानदार

शादी सीजन शुरू होते ही व्यापारियों द्वारा लोगों को आकर्षित करने के लिए तरह-तरह के सामान दुकानों से बाहर रखा जाता है. दुकानदारों का मानना है कि जो दिखता है, वो बिकता है. इसी तर्ज पर वे ग्राहकों को दिखाने के लिए सामान दुकान से बाहर तक निकालते हैं. इसके अलावा कई मार्गों पर भवन निर्माण सामग्री भी कई-कई दिनों तक पड़े रहते हैं.

विगत दिनों एसडीएम व तहसीलदार की टीम ने सड़क किनारे रखे रेती गिट्टी एवं अन्य सामानों की काफी मात्रा में जब्ती बनाकर नपा के सुपुर्द किया था.

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें