शराब दुकानों पर नहीं दिख रहा है कोरोना वायरस का खौफ - CG Sandesh

शराब दुकानों पर नहीं दिख रहा है कोरोना वायरस का खौफ

प्रतिदिन हजारों लोग पहुँच रहे हैं शराब खरीदने

चखना सेंटरों में भी दिनभर नशेड़ियों का लगा रहता है हुजूम

शराब दुकानों व साप्ताहिक बाजार में भी संक्रमण से बचने के लिए कदम उठाये जाने की आवश्यकता

सरायपाली. कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए सरकार ने स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी एवं भीड़ होने वाले अन्य कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है. लेकिन कुछ भीड़ वाले स्थानों को अभी भी बंद करने के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए हैं. जैसे शराब भट्ठी, दैनिक सब्जी बाजार, साप्ताहिक बाजार में स्कूलों की तरह ही अधिक भीड़-भाड़ देखी जाती है, लेकिन इस ओर अभी किसी तरह की पाबंदी नहीं लगाई गई है.

विगत 12 मार्च को भूपेश सरकार ने पूरे प्रदेश के शैक्षणिक संस्थाओं को 31 मार्च तक के लिए बंद करने के निर्देश दिए हैं. इस बीच निजी एवं शासकीय स्कूलों के नर्सरी से लेकर कॉलेज तक की होने वाली स्थानीय परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया गया है. जबकि 10 वीं, 12 वीं एवं स्नातक व स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष की ही परीक्षायें यथावत संचालित होंगी. इसी तरह नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा नगर पालिका को कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम व नियंत्रण के लिए सार्वजनिक पुस्तकालय, शासकीय, अर्धशासकीय व निजी व्यायामशाला, स्वीमिंग पुल, वाटर पार्क को भी 31 मार्च तक बंद करने के निर्देश दिए गए हैं.

उपरोक्त स्थानों के अलावा शराब दुकान एवं साप्ताहिक बाजार में भी भीड़-भाड़ देखी जा सकती है, लेकिन इन स्थानों की भीड़ को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाने के लिए सरकार द्वारा कोई कदम नहीं उठाये गए हैं. सरायपाली में भंवरपुर रोड पर स्थित अंग्रेजी एवं देशी शराब दुकान में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे के मध्य लगभग 4 हजार से अधिक ग्राहक पहुँचते हैं.

इसी तरह सरायपाली में कई और शराब दुकान हैं, वहाँ भी हजारों की संख्या में ही शराबी शराब लेने के लिए पहुँचते हैं. वहीं चखना सेंटरों में भी शराब दुकान के समय में काफी भीड़-भाड़ देखी जा सकती है. इसके अलावा विभिन्न गाँवों में साप्ताहिक बाजार, दैनिक सब्जी बाजार आदि स्थानों पर भी प्रतिदिन काफी भीड़ होती है. कारोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए जिस तरह अन्य भीड़ वाले स्थानों के लिए सरकार द्वारा पाबंदी लगाए गए हैं, उसी तरह इन स्थानों पर भी लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए कुछ पाबंदियाँ लगाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है.



भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें