सार्वजनिक शौचालय गया व्यक्ति हुआ बेहोश, 8 घण्टे बाद दरवाजा तोड़कर निकाला
घटना के एक दिन बाद उक्त व्यक्ति की हुई मौत
स्वीपर का लगा था ड्यूटी, लेकिन था नदारद
सरायपाली. नगर के वार्ड क्रमांक 4 संजय नगर का एक व्यक्ति कल हाई स्कूल मैदान के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय में बेहोश हो गया था, जिसे परिजनों द्वारा लगभग 8 घण्टे के बाद खोजा गया और शौचालय का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला गया. इसके बाद परिजन इलाज के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए. जहाँ से उसे रायपुर रिफर किया जा रहा था, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था और आज उसकी मृत्यु हो गई. ज्ञात हो कि सार्वजनिक शौचालयों में देखरेख के लिए एक कर्मचारी नियुक्त रहता है, लेकिन घटना के समय वह अपनी ड्“यूटी से नदारद था, जिसके कारण यह हादसा हुआ है.
जानकारी अनुसार संजय नगर का सोहेत्तर यादव पिता मुनीराम उम्र 60 वर्ष कल शुक्रवार को सुबह 7 बजे महिला समिति में राशि जमा करने के लिए पैसे की व्यवस्था करने घर से निकला था. जब वह दोपहर 1.30 बजे तक वापस घर नहीं पहुँचा तो उसके मँझले भाई ने खोजबीन की. तब उन्हें पता चला कि वार्ड में स्थित सार्वजनिक शौचालय में उसे जाते कुछ लोगों ने देखा है और वहां पर काफी देर तक दरवाजा नहीं खोलने पर उन्हें शक हुआ. उन्होने दरवाजा के नीचे से झांककर देखा तो उसके चप्पल दिखाई दिया तब उन्होने दरवाजा तोड़कर बेहोशी की हालत में गिरे सोहेत्तर यादव को बाहर निकाला. उसे तत्काल 112 वाहन की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर ले जाने की सलाह दी.
रायपुर ले जाते समय स्थिति अति गंभीर होने पर उन्हें पुनरू वापस लाकर यहां के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया. आज ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. परिजनों ने बताया कि उसे किसी तरह की बीमारी नहीं थी, कभी-कभी चक्कर आने की बात कहते थे. परिजनों ने भी आरोप लगाया कि अगर शौचालय में कर्मचारी मौके पर रहते तो समय पर ईलाज हो जाता. बेहोशी हालत में ही वे शौचालय पर सुबह 7 बजे से डेढ़ बजे तक पडे रहे, जिससे उनकी तबियत और अधिक खराब हो गई. घटना के लगभग 30 घण्टे बाद भी होश नहीं आया था.
अन्य स्वीपर की व्यवस्था की जाएगी-ठेकेदार
इस संबंध में सफाई कर्मचारी के सुपरवाईजर राजीव कुमार झा से पूछे जाने पर उन्होने बताया कि सुनील दीप स्वीपर की ड्यूटी लगी थी, लेकिन उनके द्वारा घटना की जानकारी नहीं दी गई, इससे स्पष्ट होता है कि वह ड्यूटी पर नहीं था. उसकी लापरवाही के कारण ही व्यक्ति 8 घण्टा तक शौचालय के अंदर में बेहोशी हालत में था. इसी कारण ही उसकी जान गई है. अतरू मामले की गंभीरता को देखते हुए सुनील दीप को हटाकर उनके स्थान पर अन्य स्वीपर की व्यवस्था की जाएगी.
सुपरवाईजर की राशि रोककर उसके खिलाफ की जाएगी कार्यवाही-सीएमओ
इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी खीरसागर नायक से पूछा गया तो उन्होने बताया कि घटना की जानकारी सुपरवाईजर द्वारा नहीं दी गई है, आपके माध्यम से पता चला है. उनके द्वारा सुपरवाईजर की राशि रोकने एवं उसके खिलाफ कार्यवाही करने की भी बात कही गई है.