ओडिशा में कोरोना के 86 नए मामले, 624 संक्रमित
ओडिशा में गुरुवार को 86 नए कोरोना संक्रमित मरीज की पहचान हुई है। इसके साथ ही प्रदेश में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 624 तक पहुंच गई है। हालांकि जाजपुर जिले से 15 लोग स्वस्थ भी हुए हैं और इन्हें मिलाकर प्रदेश अब तक कुल 158 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 3 की मौत हुई है। 463 सक्रिय संक्रमित मरीज का विभिन्न कोविड अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्वस्थ होने वाले सभी मरीज जाजपुर जिले से हैं। इस तरह से जाजपुर जिले में स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 48 तक पहुंच गई है, जबकि जिले में अभी भी 40 सक्रिय संक्रमित हैं जिनका विभिन्न कोविड अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक 86 नए संक्रमित मरीजों में 3 खुर्दा जिले से हैं, खुर्दा जिले में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 53 हो गई है। खुर्दा जिले (भुवनेश्वर) में संक्रमित सुरत से लौटे हैं और वे क्वारंटाइन में थे। गंजाम जिले में 42 नए संक्रमित मरीजों के साथ जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 252 तक पहुंच गई है। सभी नए संक्रमित मरीज सुरत से आए हैं और सभी क्वारंटाइन केन्द्र में रह रहे थे। भद्रक जिले से आज 9 नए संक्रमित पाए गए हैं। इसी के साथ भद्रक जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 40 तक पहुंच गई है, इनमें से 5 सुरत से, 3 पश्चिम बंगाल से एवं 1 कर्नाटक से लौटा है और सभी क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे थे। जाजपुर जिले से आज 17 नए संक्रमित मरीजों की पहचान हुई है।
इसी के साथ जाजपुर जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 88 तक पहुंच गई है, इसमें आज स्वस्थ हुए 15 लोगों के साथ जिले में कुल स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 48 हो गई है और सक्रिय संक्रमित मरीजों की संख्या 40 है। सुन्दरगढ़ जिले से भी दो संक्रमित मरीज की पहचान हुई है, दोनों क्वारंटाइन में थे। सुन्दरगढ़ जिले में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 25 तक पहुंच गई है। इनके अलावा केन्द्रापड़ा जिले से भी आज 13 नए संक्रमित मरीज पाए गए है। ये सभी सुरत से लौटने के बाद से क्वारंटाइन सेंटर में थे। इन्हें मिलाकर केन्द्रापड़ा जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 22 हो जाने की जानकारी केन्द्रापड़ा के जिलाधीश समर्थ वर्मा ने ट्वीट कर दी है।
सभी संक्रमित मरीज बाहर राज्य से आए हैं और सभी क्वारंटाइन सेंटर से हैं। ऐसे में प्रदेश में सामूहिक संक्रमण की संभावना नहीं है। प्रदेश सामूहिक संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। प्रदेश में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 624 हो गई है जबकि सक्रिय संक्रमित मरीजों की संख्या 463, स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 158 तथा अब तक 3 संक्रमित मरीज की मौत हुई है।