बैन खत्म होने के बाद आईपीएल में वापसी करना चाहते हैं श्रीसंत - CG Sandesh

बैन खत्म होने के बाद आईपीएल में वापसी करना चाहते हैं श्रीसंत

भारत के पूर्व तेज गेदबाज एस श्रीसंत फिक्सिंग से जुड़े एक मामले में सात साल का बैन झेलने के बाद वापसी के लिए तैयार है. इस साल रणजी ट्रॉफी के जरिए श्रीसंत की क्रिकेट में वापसी हो सकती है. हालांकि उसके लिए श्रीसंत को पहले अपनी फिटनेस साबित करनी होगी. श्रीसंत ने दावा किया है कि वह इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने के लिए तैयार हैं. श्रीसंत पर आईपीएल-2013 में स्पॉट फिक्सिंग के आरोप लगे थे

उन्होंने कहा, "मैं धोनी भाई के नेतृत्व में या रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के साथ खेलना भी पसंद करूंगा." 2015 में दिल्ली की विशेष अदालत ने श्रीसंत पर से सभी आरोप हटा दिए थे. 2018 में केरल उच्च न्यायालय ने बीसीसीआई द्वारा लगाए गए आजीवन प्रतिबंध को भी श्रींसंत के ऊपर से हटा दिया था. हालांकि अदालत की दूसरी पीठ ने प्रतिबंध बहाल कर दिया था.

अगस्त में खत्म हो रहा है बैन

इसके बाद श्रीसंत सुप्रीम कोर्ट गए थे और पिछले साल मार्च में अदालत ने उनके आरोपों को माना था लेकिन बीसीसीआई से कहा था कि वह सजा को कम करे. बीसीसीआई ने फिर श्रीसंत पर आजीवन प्रतिबंध हटा सात साल का प्रतिबंध लगाया था जो इस साल अगस्त में समाप्त हो रहा है.

37 साल के श्रीसंत धोनी की कप्तानी में जीते गए टी-20 विश्व कप-2007 और वनडे विश्व कप-2011 की विजयी टीम का हिस्सा रहे हैं. उन्होंने भारत के लिए 27 टेस्ट, 53 वनडे और 10 टी-20 मैच खेले हैं और 87, 75, 7 विकेट लिए हैं.


अन्य सम्बंधित खबरें